भास्कर न्यूज | चाईबासा
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत महिला कॉलेज, चाईबासा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी उद्देश्य था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं और प्राध्यापकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे का सेवन नहीं करेंगी। वे अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगी। नशे को स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए हानिकारक बताया गया। प्रत्येक व्यक्ति को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया गया।
मौके पर विकास मिश्रा ने कहा, नशा जिंदगी का अंत है। यह सफलता और खुशियों का दुश्मन है। डॉ. अर्पित सुमन ने कहा, व्यक्तिगत और सामाजिक संकल्प लेकर अपने आस-पड़ोस और समाज में जागरूकता फैलाएं। युवा शक्ति देश का भविष्य है। नशे से दूर रहकर ही एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम को डॉ. सुचिता बाड़ा ने भी संबोधित किया। मौके पर प्रभारी प्राचार्या विकास मिश्रा, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सुचिता बाड़ा, प्रो. सितेंद्र रंजन सिंह सहित सेमेस्टर-1 की छात्राएं उपस्थित थीं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.