नगर के जाकिर हुसैन वार्ड स्थित जनसहयोग से संचालित वृद्धाश्रम की जर्जर स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। भवन पूरी तरह खस्ताहाल हो चुका है और यहां रह रहे बुजुर्ग जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। बारिश के दौरान छत से लगातार पानी टपकता है, जबकि खिड़की और दरवाजे भी पूरी तरह सड़ चुके हैं। भवन की स्थिति देखकर किसी भी व्यक्ति की चिंता बढ़ सकती है।
आश्रम के रसोईघर और शौचालय की हालत भी बेहद खराब है। रसोई में भोजन बनाने में कर्मचारियों को परेशानी होती है, वहीं शौचालयों की बदहाल स्थिति से बुजुर्गों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में असामाजिक तत्वों ने आश्रम की जालीदार फेंसिंग को भी नुकसान पहुंचाया था।
वार्ड पार्षद किरण झरबड़े ने बताया नगर पालिका ने आश्रम परिसर में पेवर ब्लॉक और तार फेंसिंग का कार्य तो कराया, लेकिन जर्जर भवन की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा नगर में कई स्थानों पर सांस्कृतिक मंच और अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि वृद्धाश्रम जैसी आवश्यक सुविधा की उपेक्षा हो रही है।
उन्होंने नगर पालिका से भवन का शीघ्र जीर्णोद्धार, रसोई और शौचालय की मरम्मत तथा बुजुर्गों के लिए सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का भी कहना है वृद्धाश्रम में केवल जन्मदिन मनाने तक ही सीमित न रहकर भवन सुधार के लिए भी पहल की जानी चाहिए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.