दतिया में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीपार थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर की एक अवैध बंदूक और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मंगलवार दोपहर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 29 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मांगरोल-रूहेरा रोड स्थित पुराने कशेरूआ मोड़ के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
तलाशी में मिली अवैध बंदूक
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भिंड जिले के अमायन निवासी 33 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर की एक अवैध बंदूक और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध हथियार उसे कहां से मिला और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.