हादसे के समय 30 से ज्यादा बच्चे कक्षाओं में मौजूद थे. (Photo from Reuters)
Pakistan Coaching Centre: भारत में पिछले कुछ समय से कोचिंग सेंटर से जुड़े हादसों की खबरें सामने आ रही थी. अब पड़ोसी देश पाकिस्तान से भी ऐसा ही दर्दनाक घटना सामने आई है. लाहौर में मंगलवार (30 जून) को एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 14 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद, इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया.
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, जिस इमारत में यह कोचिंग सेंटर चल रहा था उसका एक हिस्सा निर्माणाधीन बताया गया. हादसे के समय 30 से ज्यादा बच्चे कक्षाओं में मौजूद थे. अचानक छत गिरने से कई बच्चे मलबे के नीचे दब गए. राहत टीमों और स्थानीय लोगों ने मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मलबे से अब तक 14 बच्चों के शव निकाले जा चुके हैं.
इस हादसे में घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. बचाव दल अभी भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं, क्योंकि आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग अंदर हो सकते हैं.
शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे के समय वहां मजदूर भी काम कर रहे थे. प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी इस बात की जांच शुरू की है कि निर्माणाधीन इमारत में बच्चों की कक्षाएं कैसे संचालित की जा रही थीं.
हादसे के बाद पंजाब सरकार ने अधिकारियों को जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ को तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
गार्गी संतोष Zee Media के India.com में सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह हाइपरलोकल, नेशनल और वर्ल्ड न्यूज सेक्शन संभालती हैं. गार्गी को लाइफस्टाइल, स्पोर्ट्स और वायरल खबरें लिखने का भी अनुभव है. उन्होंने IMS Ghaziabad से ग्रेजुएशन किया और इसके बाद मीडिया इंडस्ट्री में कदम रखा. अपने 4 साल के मीड … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.