आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने प्रोटोकॉल तोड़कर महिला सब-इंस्पेक्टर साहिबा अंजुम के लिए अपने आवास पर पारंपरिक गोद भराई के कार्यक्रम का …और पढ़ें
साहिबा अंजुम ने गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।
गृह मंत्री ने महिला SI के लिए गोद भराई की रस्म की।
साहिबा अंजुम को अपने आवास पर बुलाकर सम्मान दिया।
सुरक्षित प्रसव और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने रविवार को सरकारी प्रोटोकॉल को किनारे रखकर अपनेपन की एक अनूठी मिसाल पेश की। गृह मंत्री ने अनाकापल्ली जिले के नक्कापल्ली पुलिस स्टेशन में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) साहिबा अंजुम को अपने आवास पर आमंत्रित किया और उनके लिए पारंपरिक गोद भराई के कार्यक्रम का आयोजन किया।
गृह मंत्री अनिता ने सबसे पहले साहिबा अंजुम से उनकी सेहत का हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने खुद गोद भराई की रस्मों में हिस्सा लिया। सामने आए एक वीडियो में साहिबा अंजुम लाल और सुनहरे रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं, वहीं गृह मंत्री मुस्कुराते हुए उनके हाथों में हरी कांच की चूड़ियां पहना रही हैं।
इतना ही नहीं इस खास मौके पर गृह मंत्री ने न सिर्फ साहिबा अंजुम को ढेर सारे तोहफे दिए, बल्कि वहां पहुंचे उनके परिवार के सदस्यों, पुलिस विभाग के साथी कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकर काफी समय भी बिताया। उन्होंने होने वाली मां और बच्चे के सुरक्षित प्रसव और अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना की।
इस सम्मान और अपनेपन से गदगद सब-इस्पेक्टर साहिबा अंजुम ने गृह मंत्री का दिल से शुक्रिया अदा किया। साहिबा ने कहा कि गृह मंत्री जी से मिला यह प्यार, सम्मान और व्यक्तिगत ध्यान मेरे जीवन का कभी न भूलने वाला पल बन गया है। राज्य की गृह मंत्री से इस तरह का प्रोत्साहन और देखभाल पाना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है।