Maharajganj News: महराजगंज, नवीन विशेन जनपद के राजकीय इंटर कालेजों और राजकीय बालिका इंटर कालेजों में शिक्षकों का टोटा है। प्रमुख विषयों के शिक्षकों की भारी कमी से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई विद्यालयों में प्रवक्ता और सहायक अध्यापक के महत्वपूर्ण पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। हालत यह है कि शिक्षकों की कमी से हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे मुख्य विषयों की पढ़ाई भी पूरी तरह सुचारू नहीं चल पा रही है। कहीं एक शिक्षक कई विषयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं तो कहीं छात्रों को दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों या वैकल्पिक व्यवस्थाओं के भरोसे पढ़ाई करनी पड़ रही है।
जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, कृषि विज्ञान, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान व कला वर्ग के कई पद खाली पड़े हैं। सबसे अधिक परेशानी विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है, क्योंकि विशेषज्ञ शिक्षकों के अभाव में प्रयोगात्मक और विषय आधारित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का असर सीधे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर पड़ रहा है। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निजी कोचिंग संस्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बन गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के सामने तो और भी बड़ी समस्या है, क्योंकि उनके पास कोचिंग की सुविधा भी आसानी से उपलब्ध नहीं है। कई विद्यालयों में स्थिति यह है कि स्वीकृत पदों के मुकाबले कार्यरत शिक्षकों की संख्या काफी कम है। कुछ विषयों में तो एक भी नियमित शिक्षक उपलब्ध नहीं है। इससे विद्यार्थियों को समय से पाठ्यक्रम पूरा कराने में भी कठिनाई होती है।
राजकीय इंटर कालेज पनियरा में संस्कृत, अंग्र्रेजी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कालेज कुंआचाप में संस्कृत, गणित, इतिहास,भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, नागरिक शास्त्र, पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कालेज सहजनवा बाबू में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित,समाज शास्त्र, इंतिहास,भौतिक विज्ञान, राजकीय इंटर कालेज नोनिया निचलौल में हिन्दी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, समाज शास्त्र, इतिहास, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान,जीव विज्ञान, नागरिक शास्त्र विषय के अध्यापकों का पद रिक्त है। इसके साथ ही राजकीय बालिका इंटर कालेज फरेंदा में संस्कृत व गणित को छोड़कर सभी विषय के अध्यापकों का पद रिक्त है। राजकीय बालिका इंटर कालेज महराजगंज में अंग्रेजी को छोड़कर सभी विषय के अध्यापकों का पद रिक्त है। राजकीय बालिका इंटर कालेज नौतनवा में गणित व इतिहास को छोड़कर अन्य विषयों के अध्यापक नहीं हैं। इसी प्रकार से करीब सभी राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों का अभाव है।
शिक्षकों को पद कई साल से रिक्त चल रहा है। समय समय पर जिले से सूचना शासन भेजी जाती है। लेकिन पद रिक्त ही चलते रहते हैं। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के बावजूद रिक्त पदों पर नियुक्ति न होने से छात्र-छात्राओं व अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते रिक्त पदों को नहीं भरा गया तो इसका सीधा असर बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों पर पड़ेगा। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के राजकीय विद्यालयों में रिक्त पदों का विवरण शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से निर्देश मिलने के बाद नियुक्ति व समायोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। जल्द शिक्षक मिलने की उम्मीद है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play