प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर हैं, जिसका लक्ष्य भारत की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत विजन को सशक्त करना है। …और पढ़ें
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को जकार्ता पहुंचे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया।
इंडोनेशिया की सीमा में प्रवेश करने के बाद वहां की वायुसेना के विमानों ने मोदी के विमान को एस्कार्ट किया। एयरपोर्ट पर विदेश मंत्री, पैलेस मंत्री, कैबिनेट सचिव समेत चार अन्य इंडोनेशियाई मंत्री भी मौजूद थे।
यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया के मजबूत रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाली मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पूर्वी और दक्षिणी हिंद महासागर में स्थित इन तीनों देशों की यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट पालिसी और महासागर विजन को मजबूत करेगी। यह स्वतंत्र, खुले और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को सशक्त बनाएगी।’ मोदी इंडोनेशिया की संसद को भी संबोधित करेंगे।
मोदी ने अपने बयान में कहा, ‘इंडोनेशिया के राष्ट्रपति श्री प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर मैं छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा पर रहूंगा। वर्ष 2018 में मेरी पहली इंडोनेशिया यात्रा के दौरान भारत-इंडोनेशिया ने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। उसके बाद यह मेरी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।’
मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति सुबियांतो के बीच शिखर बैठक होगी। यात्रा के दौरान मोदी इंडोनेशिया में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रांबनन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे, जो दोनों देशों के घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है।
मंगलवार की बैठक में डिजिटल भुगतान व रक्षा संबंधों को लेकर कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा होगी और संभवत: समझौते भी होंगे। यह यात्रा राष्ट्रपति सुबियांतो की भारत यात्रा (जनवरी-2025, गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि) के बाद हो रही है।
भारत और इंडोनेशिया के बीच प्राचीन व सभ्यतागत संबंध हैं। दोनों देश पूर्वी और दक्षिणी हिंद महासागर में स्थित हैं। मोदी ने कहा कि यह यात्रा बहुआयामी साझेदारी को और सुदृढ़ करेगी।
जकार्ता में जहां मोदी ठहरे हुए थे, वहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए और प्रधानमंत्री ने उनका अभिवादन किया। उन्होंने रामायण की कालजयी भव्यता को दर्शाने वाला शैडो पपेट्री (छाया कठपुतली) शो भी देखा।
इंडोनेशिया से पीएम मोदी मेलबर्न (आस्ट्रेलिया) जाएंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात होगी। चर्चा में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, परिवहन और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
फिर वह न्यूजीलैंड जाएंगे, जहां उनकी आकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से भेंट होगी। मार्च, 2025 में लक्सन की भारत यात्रा के बाद यह दौरा द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाएगा। मुक्त व्यापार समझौते और भारतीय प्रवासी समुदाय पर विशेष फोकस रहेगा।
यह भी पढ़ें- Video: F-16 और सुखोई-30 ने इंडोनेशियाई में किया पीएम मोदी के विमान का स्वागत