कहीं दिनदहाड़े 80 हजार की चोरी, कहीं शोरूम में लगी भीषण आग! | Top 5 Ghaziabad News – nedricknews.com

NEDRICK NEWS
NEDRICK NEWS
Home » अन्य » वायरल खबरें » कहीं दिनदहाड़े 80 हजार की चोरी, कहीं शोरूम में लगी भीषण आग! | Top 5 Ghaziabad News
Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पांच बड़ी खबरों बुलेटिन में पहली खबर गढ़मुक्तेश्वर में नेशनल हाईवे-9 पर पुलिस चौकी के ठीक सामने दिनदहाड़े वारदात, बोलेरो पिकअप का लॉक तोड़कर उड़ाए 80 हजार रुपये, सीसीटीवी में कैद हुए चोर। दूसरी खबर गाजियाबाद के घंटाघर बाजार में विंग्स शूज शोरूम की चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक, 11 दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।
तीसरी खबर मुरादनगर के सुल्तानपुर गांव के पूर्व प्रधान मनोज चौधरी ने वायरल वीडियो पर दी सफाई, कहा— राजनीतिक विरोधी खराब कर रहे छवि, अपराधी का कोई धर्म नहीं होता। चौथी खबर सिहानी गेट क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर बड़ी ठगी, 6 लाख रुपये देकर सऊदी अरब पहुंचे युवक को नौकरी की जगह मिली जेल, वतन लौटने पर मिली जान से मारने की धमकी।
और पांचवीं खबर ट्रांस हिंडन के साहिबाबाद, इंदिरापुरम और वैशाली में झमाझम बारिश के बाद भीषण जलभराव, सड़कें बनीं तालाब, घंटों लगे लंबे जाम से बेहाल हुए लोग। तो चलिए इस लेख के जरिए इन खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: मामूली तंज पर खौफनाक मर्डर से लेकर बिजली बिल के झटके तक | Top 5 Ghaziabad News
गाजियाबाद की पहली खबर गढ़मुक्तेश्वर से जहां नेशनल हाईवे-9 पर स्याना फ्लाईओवर की सर्विस रोड (पुलिस चौकी के पास) दिनदहाड़े चोरों ने एक बोलेरो पिकअप का लॉक तोड़कर 80 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग उड़ा लिया है। बता दें कि यह घटना पास ही में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी मदद से पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हरियाणा के रेवाड़ी निवासी पीड़ित ओमप्रकाश यादव अपने ड्राइवर के साथ अमरोहा के गजरौला स्थित एक नर्सरी से पौधे खरीदने जा रहे थे। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के स्याना चौपला के पास स्थित एक होटल के बाहर गाड़ी खड़ी थी. जब वे होटल में गए, तभी चोरों ने मौका पाकर पिकअप का लॉक तोड़ दिया। पुलिस चौकी के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई इस चोरी के कारण स्थानीय कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गाजियाबाद की दूसरी खबर घंटाघर कोतवाली क्षेत्र से जहां जवाहर गेट के पास विंग्स शूज (Wings Shoes) शोरूम की ऊपरी मंजिल पर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। इमारत की चौथी मंजिल पर बने जूतों के गोदाम और छत पर रखे जनरेटर में आग लगने से आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दैनिक भास्कर और अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना घंटाघर बाजार के प्रसिद्ध ‘विंग्स शूज’ शोरूम में हुई।
दमकल विभाग के मुताबिक, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल की अगुवाई में 11 दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। बाजार बेहद संकरा और भीड़भाड़ वाला होने के कारण दमकल कर्मियों को पड़ोसी इमारतों की छतों की दीवारें तोड़कर पाइपलाइन बिछानी पड़ी।
आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, जिससे गोदाम में रखा लाखों रुपये का जूता-चप्पल और स्टॉक जलकर खाक हो गया। घटना के समय गाजियाबाद में बारिश हो रही थी, जिसने आग को आसपास की दुकानों में फैलने से रोकने में मदद की. पुलिस ने समय रहते पूरे इलाके की घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट कर दिया।
गाजियाबाद के प्रसिद्ध घंटाघर मार्केट में स्थित एक जूतों के शोरूम और उसके गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने की मशक्कत में जुट गईं। घनी आबादी और बाजार का क्षेत्र होने के कारण पुलिस और… pic.twitter.com/GeBA2LsvOi
— Nedrick News (@nedricknews) July 7, 2026

गाजियाबाद की तीसरी खबर मुरादनगर क्षेत्र से है, जहां सुल्तानपुर गांव के पूर्व प्रधान मनोज चौधरी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने साफ कहा कि राजनीतिक विरोधी उनके खिलाफ भ्रम फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और “अपराधी का कोई धर्म नहीं होता”।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रधान मनोज प्रधान का कहना है कि कुछ विरोधी सोशल मीडिया पर अपुष्ट और भ्रामक वीडियो फैलाकर समाज में उनका नाम खराब करना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी गलत काम करने वाले या अपराधी को किसी जाति या धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने गांव और क्षेत्र में शांति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारा बनाए रखने की वकालत की। पूर्व प्रधान ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से और निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अधूरी या बिना जांच की खबरों पर विश्वास न करने की अपील की। इस मामले में सुल्तानपुर गांव में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिशों के आरोपों के बीच अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार बैठकें भी की गई हैं, जहां शांति बनाए रखने की बात कही जा रही है।
गाजियाबाद की चौथी खबर सिहानी गेट थाना क्षेत्र से जहां पीड़ित युवक को विदेश (सऊदी अरब) में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एजेंटों ने 6 लाख ठग लिए. वहां पहुंचने पर उसे नौकरी देने के बजाय बंधक बनाया गया और बाद में सऊदी पुलिस ने उसे जेल में डाल दिया। किसी तरह गाजियाबाद वापस लौटने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट केअनुसार, सिहानी गेट क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित ने केंटनमेंट बरेली निवासी ट्रेवल एजेंट दानिश और मुरादाबाद निवासी आसिफ समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों ने पीड़ित को सऊदी अरब की एक बड़ी कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी और 45,000 महीना सैलरी का झांसा देकर 6 लाख ऐंठ लिए थे। जब पीड़ित मार्च में सऊदी अरब पहुंचा, तो उसे वहां कोई नौकरी नहीं मिली। उसे एक छोटे से कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और खाना-पीना भी नहीं दिया गया।
विरोध करने पर कंपनी के मालिकों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सऊदी पुलिस ने उसे जेल भेज दिया और करीब 3 महीने जेल में काटने के बाद उसे भारत डिपोर्ट (वापस भेज) किया गया। पीड़ित जब गाजियाबाद लौटा और आरोपियों के दफ्तर जाकर अपने 6 लाख वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर गाजियाबाद की सिहानी गेट थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद की पांचवी खबर ट्रांस हिंडन क्षेत्र से जहां साहिबाबाद, इंदिरापुरम, खोड़ा और वैशाली में बुधवार सुबह हुई झमाझम बारिश के बाद भीषण जलभराव और लंबे जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने के कारण दोपहिया वाहन चालक गिरते-पड़ते नजर आए, जिससे बड़े हादसों का खतरा बना रहा।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रांस हिंडन के मुख्य चौराहों, लिंक रोड, इंदिरापुरम की अंदरूनी सड़कों और खोड़ा-कन्हावन रोड पर जलभराव के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। सड़कों पर पानी भरने और वाहन खराब होने से सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग घंटों लंबे ट्रैफिक जाम में फंसे रहे।
जलभराव के कारण सड़कों के गड्ढे और खुले नाले छिपे रहे, जिससे ऑटो और मोटरसाइकिल सवारों के पलटने का जोखिम काफी बढ़ गया। स्थानीय निवासियों ने मानसून से पहले नालों की ठीक से सफाई न होने और ड्रेनेज सिस्टम फेल होने पर नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जताई।
आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *





©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News