Feedback
‘अगर भारत सरकार सिर्फ तीन दिन के लिए हिंदुओं के लिए बॉर्डर खोल दे तो मैं दावा करता हूं कि जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में रहने की जगह कम पड़ जाएगी. इतने लोग पाकिस्तान छोड़कर भारत आना चाहते हैं.’
यह दावा पाकिस्तान से भारत आकर बसे सोभराज भील का है. उनका कहना है कि पाकिस्तान में रहने वाले बड़ी संख्या में हिंदू अब भारत को सिर्फ पड़ोसी देश नहीं, बल्कि एक उम्मीद के रूप में देखते हैं. उनका मानना है कि 2014 के बाद और खासकर नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू होने के बाद वहां रहने वाले हिंदुओं के बीच यह भरोसा बढ़ा है कि भारत में उन्हें स्थायी ठिकाना मिल सकता है.
आजतक डॉट इन ने पाकिस्तान से भारत आए कई हिंदुओं से बातचीत की. उनका कहना है कि CAA के बाद भारत आने की इच्छा पहले से ज्यादा मजबूत हुई है. ‘सरहद पार के हिंदू’ सीरीज के छठे पार्ट में बताएंगे कि कैसे सीएए के बाद से पाकिस्तान में रहने वाला हर हिंदु यहां आने चाहने लगा है.
‘हर किसी का सपना अब भारत पहुंचना है’
सोभराज भील बताते हैं कि पाकिस्तान में रहने वाले अधिकांश हिंदू भारत आने का रास्ता तलाश रहे हैं.
‘आज वहां अगर किसी हिंदू से पूछो कि जिंदगी का सबसे बड़ा सपना क्या है, तो वह कहेगा कि किसी तरह भारत पहुंच जाएं. हर कोई पासपोर्ट बनवा रहा है. जिनका पासपोर्ट बन गया है, वे वीजा के लिए एजेंटों के चक्कर काट रहे हैं.’ — सोभराज भील
‘अगर बॉर्डर खुल जाए तो लाखों लोग निकल पड़ेंगे’
सोभराज भील का मानना है कि पाकिस्तान में बड़ी संख्या में लोग सिर्फ मौके का इंतजार कर रहे हैं.
‘अगर सरकार तीन दिन के लिए भी बॉर्डर खोल दे तो इतनी बड़ी संख्या में लोग आएंगे कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में जगह कम पड़ जाएगी.मेरे करीब 100 ऐसे परिचित हैं, जिनके पास पासपोर्ट पहले से तैयार हैं और वे सिर्फ वीजा मिलने का इंतजार कर रहे हैं.’ — सोभराज भील
2014 के बाद क्या बदला?
पाकिस्तान से आए हिंदुओं का कहना है कि 2014 के बाद भारत को लेकर उनकी उम्मीदों में बदलाव आया. वहां के हिंदू बताते हैं पहले भी लोग भारत आना चाहते थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि यहां स्थायी रूप से बसने की संभावना पहले से ज्यादा है.
‘2014 के बाद लोगों को लगा कि भारत में उनके लिए रास्ता खुलेगा. CAA आने के बाद यह भरोसा और बढ़ गया कि यहां नागरिकता मिल सकती है.’— जान बहादुर सिंह
CAA ने उम्मीद दी… लेकिन हर किसी को फायदा नहीं
पाकिस्तान से आए हिंदू बताते हैं कि CAA को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान में ही होती है.
हालांकि, वे यह भी स्वीकार करते हैं कि इस कानून के तहत नागरिकता उन्हीं लोगों को मिल सकती है, जो 31 दिसंबर 2014 तक भारत आ चुके थे और कानून की अन्य शर्तें पूरी करते हों. इसलिए 2014 के बाद आने वाले बड़ी संख्या में लोग अभी भी भविष्य की राह देख रहे हैं.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान से इंडिया में एंट्री, लेकिन नागरिकता की लड़ाई है लंबी! हिंदुओं का छलका दर्द
सोभराज भील बताते हैं कि उनके गांव से भारत आने वाले करीब 80 प्रतिशत लोग 2014 के बाद आए हैं.
‘हमारे गांव के ज्यादातर लोग 2014 के बाद भारत आए हैं. उन्हें भी उम्मीद है कि आगे उनके लिए कोई रास्ता निकलेगा.’ — सोभराज भील
वीजा बंद… तो उम्मीद भी ठहर गई
दिलीप सिंह सोढ़ा बताते हैं कि पहले रिश्तेदारों के बीच आना-जाना आसान था, लेकिन अब हालात काफी बदल चुके हैं.
‘पहले लोग आसानी से मिल लेते थे. अब नियम काफी सख्त हो गए हैं. पहलगाम हमले के बाद तो अटारी बॉर्डर से आवाजाही लगभग बंद हो गई. बहुत से परिवार सिर्फ वीजा खुलने का इंतजार कर रहे हैं.’ — दिलीप सिंह सोढ़ा
धाला राम भी उन लोगों में शामिल हैं जो 2014 में पाकिस्तान छोड़कर भारत आए थे. ढाला राम ने करीब 30 साल पाकिस्तान में बिताए थे और अब यहां मजदूरी का काम कर रहे हैं.
वहां से आए हिंदुओं ने बताया कि 2014 में मोदी सरकार आने और उनकी ओर से पाकिस्तान हिंदुओं को यहां शरण देने के बात से वहां का माहौल बदल गया है. एक तो यहां सरकार बदलने के बाद से वहां के लोगों ने भी ज्यादा परेशान करना शुरू कर दिया. इसके अलावा, अब लोगों को लगने लगा है कि अब हमें आसानी से ठिकाना मिल जाएगा. अब वहां हमारा ध्यान रखने वाला कोई है. फिर सीएए कानून से जल्दी नागरिकता मिलने का आश्वासन होने के बाद से तो हर कोई उधर से भागना चाह रहा है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में जिंदगी नहीं दर्द जिया, मुश्किलें झेली… लौटकर बोले हिंदू- आजाद तो हम अब हुए हैं
भविष्य की सबसे बड़ी उम्मीद- भारत में नई शुरुआत
यही वजह है कि पाकिस्तान से आए हिंदुओं के लिए CAA सिर्फ एक कानून नहीं, बल्कि उम्मीद का प्रतीक बन गया है. हालांकि, इसकी कानूनी सीमाएं और पात्रता की शर्तें अपनी जगह हैं, लेकिन जिन लोगों ने पाकिस्तान में डर और असुरक्षा के बीच जिंदगी बिताई है, उनके लिए भारत आने की संभावना ही भविष्य की सबसे बड़ी उम्मीद बन चुकी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू