Feedback
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्त में ले लिया है. पुलिस ने आरोपी को ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट के करीब बने लेबर कैंप के पास की झाड़ियों से पकड़ा है. पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है. हालांकि, आरोपी अपना नाम लगातार बदल-बदल कर बता रहा है. अब तक वो अपने चार नाम बता चुका है.
क्या है सैफ पर हमला करने वाले का असली नाम?
पुलिस के मुताबिक, सैफ अली खान पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और ठाणे के एक बार में काम करता था. पकड़े जाने के बाद उसने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि वो ही सैफ और करीना के घर में घुसा था और सैफ पर चाकू से हमला किया था.
जांच में आरोपी के नाम को लेकर हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि हमलावर के एक या दो नहीं, बल्कि कई नाम हैं. पुलिस पूछताछ में वो अब तक अपने नाम बिजॉय दास, विजय दास, मोहम्मद इलियास और बीजे बता रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी बार-बार अपना नाम बदलकर बता रहा है. असली नाम जानने की कोशिश की जा रही है.
छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया था एक संदिग्ध
इससे पहले शनिवार को हमले से जुड़े एक संदिग्ध को पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया था. मुंबई से भी पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया था. शनिवार को पकड़े गए दोनों संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है.
सैफ पर हुए हमले से डर गईं करीना
पति सैफ पर हुए हमले से करीना काफी डर गई हैं. एक्ट्रेस ने दो दिन पहले ही पुलिस के सामने अपने बयान रिकॉर्ड करवाए थे. करीना ने पुलिस को बताया था- जब हमला हुआ तो सैफ ने बच्चों और महिलाओं को 12वीं मंजिल पर भेज दिया था. सैफ ने महिलाओं और बच्चों को बचाने की कोशिश की. सैफ बीच में आए तो हमलावर जहांगीर (सैफ-करीना का छोटा बेटा) तक नहीं पहुंच पाया.
करीना ने ये भी बताया था कि घर में जूलरी खुले में रखी थी, लेकिन हमलावर ने कोई चीज नहीं चुराई. हमले के वक्त आरोपी बेहद आक्रामक था और उसने कई बार सैफ पर चाकू से अटैक किया. घटना से मैं घबरा गई थी, इसलिए करिश्मा (बहन) मुझे अपने घर ले गई थी.
सैफ पर हुए हमले की रात आखिर क्या हुआ था?
सैफ अली खान के घर 16 जनवरी की रात करीब 2 बजे एक अनजान व्यक्ति घुसा था और वहां मौजूद नौकरानी से बहस करने लगा था. आवाज सुनकर जब सैफ अली खान आए तो परिवार को बचाने की कोशिश में एक्टर की उस व्यक्ति से हाथापाई हो गई थी. आरोपी ने गुस्से में एक्टर पर चाकू से हमला कर दिया था. बताया जा रहा है कि हमलावर ने सैफ पर चाकू से 6 बार वार किए थे, जिसकी वजह से वो बुरी तरह जख्मी हो गए थे.
इस हमले में बच्चों की नैनी भी घायल हुई. हमलावर के भाग जाने के बाद सैफ खुद तैमूर के साथ ऑटो में बैठकर मुंबई के लीलावती अस्पताल गए थे. चाकू का एक टुकड़ा एक्टर की रीढ़ के पास फंस गया था, जिसे लीलावती अस्पताल के डॉक्टर्स ने सर्जरी से निकाला है. राहत की बात ये है कि सैफ अब खतरे से बाहर हैं. फैंस उनके जल्दी से ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू