भास्कर संवाददाता| खरगोन
सनावद के मां पद्मावती कॉलोनी निवासी कीर्ति गुर्जर पति वरुण कुमार गुर्जर ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में शरीर पर पोस्टर लगाकर प्रदर्शन किया। महिला ने सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव, एसआई रेणुका राठौड़ और बिचौलिए धर्मेंद्र मसंद पर जबर्दस्ती कानूनी कार्रवाई और 20 लाख रुपए की रिश्वत नहीं देने पर कथित मामले में झूठा आरोपी बनाने का आरोप लगाया। इससे मेरा सामाजिक बहिष्कार किया जा रहा है।
हर दिन घूंट-घूंट कर नहीं जी सकती हूं मुझे न्याय चाहिए। महिला ने कुछ इसी लहजे में जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौर से न्याय की गुहार लगाई। साथ ही पुलिस अधीक्षक और उप महानिरीक्षक कार्यालय में शिकायत की। फरियादी कीर्ति गुर्जर का आरोप है कि 7 फरवरी को सनावद थाना प्रभारी यादव और उप-निरीक्षक राठौड़ बिना महिला आरक्षक और सर्च ऑर्डर के जबरन उनके घर में घुसे।
उनकी छह वर्षीय मासूम बेटी से मारपीट कर घसीटकर थाने ले गए। आपत्ति दर्ज कराने पर बच्ची को छोड़कर पूरे परिवार को रात 11 बजे तक थाने में अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा। महिला ने कहा कि निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर एफआईआर कर निलंबित करें।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.