मुंबई में कोस्टल रोड टनल में चलती कार में लगी भीषण आग, डर के कारण गाड़ियां छोड़ भागने लगे लोग – Jagran

मुंबई के कोस्टल रोड टनल में बुधवार दोपहर एक चलती कार में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भागने लगे। …और पढ़ें
मुंबई कोस्टल रोड टनल के अंदर कार में आग लगी।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। बुधवार दोपहर मुंबई के कोस्टल रोड टनल के अंदर एक चलती कार में भीषण आग लग गई। टनल के भीतर धुआं और आग की लपटें देखकर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और वहां चीख-पुकार मच गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुंबई फायर ब्रिगेड को दोपहर करीब 12:25 बजे इस घटना की सूचना मिली। यह हादसा उस समय हुआ जब कार हाजी अली से वर्ली को जोड़ने वाली टनल की लेन से गुजर रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पुलिस बल और 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचे। ताड़देव ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कोस्टल रोड पर ‘सीपी 5’ के पास लगी इस आग को दमकल कर्मियों की मदद से बुझा लिया गया। इसके बाद पूरी तरह जल चुकी कार को क्रेन की मदद से टनल से बाहर निकाला गया।
इस हादसे के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मुंबई कोस्टल रोड के इस हिस्से को कुछ समय के लिए बंद कर दिया था, जिससे दक्षिण मुंबई में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। कोस्टल रोड बंद होने की वजह से मरीन ड्राइव, नरीमन पॉइंट, चर्चगेट, मरीन लाइंस, पी डीमेलो रोड, पेडर रोड, हाजी अली और वर्ली जैसे प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी देरी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, दोपहर करीब 1:30 बजे तक टनल से क्षतिग्रस्त कार को हटाने के बाद कोस्टल रोड के दोनों तरफ के ट्रैफिक को दोबारा शुरू कर दिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि यातायात को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
टनल के अंदर आग इतनी भयानक थी कि पीछे चल रहे सैकड़ों वाहन वहीं फंस गए। स्थिति को बिगड़ता देख लोग अपनी गाड़ियां टनल के अंदर ही छोड़कर बाहर की तरफ भागने लगे।
चश्मदीद वीरेन शाह ने बताया कि टनल के अंदर गाड़ी में बहुत भीषण आग लगी थी। मैंने देखा कि वहां सैकड़ों कारें फंस गई थीं। उन्होंने बताया कि लोग घबराकर अपनी गाड़ियां वहीं छोड़ रहे थे और एग्जिट गेट की तरफ दौड़ रहे थे। 
एक अन्य चश्मदीद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मैंने जिंदगी में ऐसा मंजर पहले कभी नहीं देखा। वर्ली से कोस्टल रोड टनल में घुसने के कुछ ही मिनटों बाद, मैंने देखा कि सैकड़ों लोग हमारी तरफ भागते हुए आ रहे हैं। इस घटना के बाद वाहन चालकों ने टनल के अंदर सही दिशा-निर्देश न होने की शिकायत भी की।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News