Top News Today 16 July: आज गुरुवार को गुजरात से लेकर न्यूजीलैंड तक धरती हिलने की खबर सामने आई है। गुजरात के कच्छ जिले में महज तीन मिनट के अंतराल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 रही। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड के पश्चिमी तट पर रिक्टर स्केल पर 5.9 तीव्रता का तेज भूकंप आया। वहीं, बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर बंटी यादव हत्याकांड को लेकर प्रशांत किशोर ने तीखा हमला बोल दिया। पीके ने सीधे आरोप लगाया कि जब सरकार का मुखिया ही जाति, गमछा और धर्म देखकर गोली मारने की बात करता है तो अपराधियों का मनोबल बढ़ना स्वाभाविक है। पढ़ें शाम की पांच बड़ी खबरें…
गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर कुछ ही मिनटों के अंदर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर दोनों झटकों की तीव्रता 3.6 मापी गई। पहला झटका दोपहर 2:20 बजे और दूसरा 2:23 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में था। प्रशासन ने बताया कि दोनों झटकों से किसी भी तरह के जान-माल की हानि या संपत्ति को नुकसान की कोई सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रहते हुए निगरानी बढ़ा दी है। पढ़ें पूरी खबर…
बहुचर्चित देवकली पंप कैनाल लूट एवं गोलीकांड मामले में पूर्व एमएलसी बाहुबली बृजेश सिंह को बुधवार को कोर्ट ने बरी कर दिया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नूतन द्विवेदी की अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत पेश नहीं कर सका। मामला 3 दिसंबर 1990 का है, जब धर्मपुर के देवकली पंप कैनाल के पास अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पंप कर्मचारी सरफराज अंसारी का रुपये से भरा बैग लूट लिया था। बृजेश सिंह सुनवाई के दौरान कोर्ट में मौजूद रहे। पढ़ें पूरी खबर…
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बंटी यादव हत्याकांड को लेकर जमकर हमला बोला है। गुरुवार को बंटी यादव के परिजनों से मुलाकात के बाद पीके ने कहा कि जब सरकार का मुखिया ही जाति, गमछा और धर्म देखकर गोली मारने की बात करता है तो अपराधियों का हौसला कैसे नहीं बढ़ेगा? प्रशांत किशोर ने मांग की कि हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और लापरवाह पुलिस अधिकारियों को दंडित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बंटी यादव हत्याकांड के पीछे सरकार का चरित्र जिम्मेदार है। पढ़ें पूरी खबर…
न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड के पश्चिमी तट पर गुरुवार को रिक्टर स्केल पर 5.9 तीव्रता का तेज भूकंप आया। भूकंप का केंद्र ते अनाउ शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में था। न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (NEMA) ने सुनामी का अलर्ट जारी कर लोगों से तटीय इलाकों से तुरंत दूर ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। USGS और जर्मनी के GFZ ने भी भूकंप की तीव्रता 5.9 ही बताई। केंद्र 50 किलोमीटर से अधिक गहराई में था। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…
शुक्रवार 17 जुलाई को मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा घोषित छुट्टी सूची के अनुसार, यू तिरोत सिंग की पुण्यतिथि के मौके पर मेघालय के सभी बैंक (सरकारी व निजी) बंद रहेंगे। बता दें कि यू तिरोत सिंग 19वीं सदी के स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ खासी पहाड़ियों में लंबे समय तक संघर्ष किया था। गौरतलब है कि आज गुरुवार को ओडिशा, मणिपुर और उत्तराखंड में रथ यात्रा व हरेला त्योहार के कारण बैंक बंद रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…
देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play