मध्यप्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होगा और शाम को मतगणना के बाद देर रात तक नई कार्यकारिणी की तस्वीर साफ हो जाएगी। चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए निर्वाचन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने बताया कि मतदान के लिए 24 बूथ बनाए गए हैं। मतपत्र वितरण के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं और प्रत्येक टेबल पर दो निर्वाचन सहायक तैनात रहेंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इससे पहले सुबह 7:45 बजे सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटियों को सील किया जाएगा। मतदान समाप्त होने के करीब दो घंटे बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।
मतदान के लिए मतदाताओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से कोई एक वैध मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र दिखाने के बाद ही मतदान कक्ष में प्रवेश मिलेगा। वहीं, मतगणना के दौरान केवल निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी अधिकृत पहचान पत्र वाले प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चैंबर भवन के 100 मीटर दायरे में प्रचार-प्रसार, हथियार, मोबाइल फोन और कैमरे प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि, इस दायरे के बाहर प्रत्याशी अपने समर्थकों के लिए टेंट, पीने के पानी और कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा सकेंगे।
विशेष जरूरत वाले मतदाताओं के लिए भी व्यवस्था की गई है। शारीरिक रूप से अशक्त मतदाताओं को गेट नंबर-6 से व्हीलचेयर के माध्यम से मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाएगा, ताकि वे आसानी से मतदान कर सकें।
मतदान केंद्र पर प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। मतदाता केवल गेट नंबर-1 से प्रवेश करेंगे, जहां आठ टेबलों पर मतदाता पर्ची बनाई जाएगी। इसी पर्ची के आधार पर मतपत्र जारी होगा। मतदान के बाद सभी मतदाता गेट नंबर-6 से बाहर निकलेंगे। गेट नंबर-2, 3 और 4 बंद रहेंगे, जबकि गेट नंबर-5 का उपयोग केवल बैंक आने-जाने वाले लोगों के लिए होगा।
मतदान केंद्र के बाहर मुख्य मार्ग पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर मतदान केंद्र की सामान्य गतिविधियां लाइव दिखाई जाएंगी। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी बूथ का दृश्य स्क्रीन पर प्रदर्शित नहीं किया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.