Feedback
मध्य प्रदेश राजगढ़ जिले के सारंगपुर बस स्टैंड पर गुरुवार शाम एक युवक की अचानक मौत का मामला सामने आया है. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में युवक पहले पूरी तरह सामान्य नजर आता है, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद अचानक कुर्सी से नीचे गिर पड़ता है. आसपास मौजूद लोग उसे संभालने के लिए दौड़ते हैं, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी होती है. घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई.
मृतक की पहचान रामबाबू पिता देवी सिंह मोंगिया (32), निवासी मुगलखेड़ी, थाना कुरावर के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह इंदौर में अपनी पत्नी से मिलने गया था और वापस घर लौटते समय सारंगपुर बस स्टैंड स्थित अवंतिका चाय दुकान पर बस से उतरकर रुका. उसने पहले पानी की बोतल खरीदी, कुछ देर ठेले पर लेटा और फिर कुर्सी पर बैठ गया.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ती है और वह जमीन पर गिर जाता है. इसके बाद वह दोबारा नहीं उठ सका.
घटना की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची. नगर पालिका के शव वाहन से शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई. पुलिस ने पंचनामा बनाकर परिजनों को सूचना दी. देखें VIDEO:-
प्रारंभिक जांच में पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार युवक लंबे समय से अत्यधिक शराब के सेवन का आदी था और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से भी जूझ रहा था. पुलिस को उसकी जेब से ECG रिपोर्ट भी मिली है. बताया जा रहा है कि उसने दो दिन पहले ही हृदय संबंधी जांच कराई थी.
मृतक के छोटे भाई संजू मोग्या ने बताया कि उनका भाई व्यवहार कुशल था, लेकिन शराब की लत लग गई थी. घबराहट और बीपी की समस्या के चलते वह इंदौर इलाज कराने गया था ताकि अपनी पत्नी के पास रहकर उपचार करा सके.
वहीं पिता देवीसिंह मोग्या ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता था और झाड़ू बनाकर भी परिवार का पालन-पोषण करता था. थोड़ी-सी जमीन होने के कारण परिवार का गुजारा मुश्किल से चलता था. पत्नी के अलग रहने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और इसी दुख में शराब पीने की आदत बढ़ गई.
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
वहीं, सामने आए सीसीटीवी वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज कर दी है, क्योंकि युवक कुछ ही क्षण पहले तक पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू