Feedback
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पेरुंगुडी इलाके में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवक पर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है. मृतका की पहचान 43 वर्षीय सेन्नी देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी बेटे राकेश को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सोते वक्त किया हमला
पुलिस के अनुसार वारदात उस समय हुई जब राकेश के पिता घर से बाहर गए हुए थे. आरोप है कि राकेश ने अपनी मां पर उस वक्त हमला किया, जब वह घर में सो रही थीं. उसने पहले कथित तौर पर उनका गला घोंटा, फिर गर्दन पर चाकू से कई वार किए. इसके बाद पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी. महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि राकेश क्लास 12 की परीक्षा में असफल हो गया था. इसके बाद उसने आगे की पढ़ाई छोड़ दी थी और घर पर ही रह रहा था. पुलिस का कहना है कि पढ़ाई और भविष्य को लेकर उसके माता-पिता अक्सर उसे समझाते और डांटते थे. वहीं, यह भी जानकारी मिली है कि पिछले कुछ महीनों से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था. हालांकि, पुलिस अभी इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है.
पुलिस ने बेटे को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद राकेश घर से बाहर निकला और पड़ोसियों से मदद मांगते हुए अपनी मां को बचाने की गुहार लगाने लगा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी रोयापेट्टा अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और आरोपी की मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू