दो मासूमों के साथ कच्चे मकान में रहने को मजबूर महिला – Dainik Bhaskar

भास्कर न्यूज | भवनाथपुर
प्रखंड क्षेत्र की चपरी पंचायत निवासी सुमन कुंवार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नंदजी राम को आवेदन सौंपकर ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत आशियाने की गुहार लगाई है। उन्होंने अपनी दयनीय आर्थिक और पारिवारिक स्थिति का हवाला देते हुए शीघ्र आवास स्वीकृत करने की अपील की है।
आवेदन में पीड़ित सुमन कुंवार ने बताया कि कुछ समय पूर्व उनके पति स्वर्गीय श्रीकांत कुमार का निधन हो गया था। पति के साए के बिना परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर आ गई है। वे अपने दो छोटे बच्चों के साथ किसी तरह कच्चे मकान में रहकर गुजर-बसर कर रही थीं। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया, जिससे वे मासूम बच्चों के साथ बेघर हो गई हैं। इस मामले में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नंदजी राम ने बताया आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ के इस आश्वासन के बाद पीड़िता को उम्मीद बंधी है कि उन्हें जल्द ही पीएम आवास का लाभ मिल सकेगा। कई प्रखंडों में गिरे मकान बारिश के कारण जिले के कई प्रखंडों में कच्चे मकान भरभराकर गिर रहे हैं। अब तक दर्जनों परिवार अपना आशियाना खो चुके हैं। प्रशासन के अनुसार सबसे ज्यादा असर भवना​थपुर, भंडरिया, रंका प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में देखने को मिला है। लगातार नमी और तेज हवा के कारण मिट्टी की दीवारें कमजोर होकर ढह जा रही हैं। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से कच्चे और जर्जर मकानों में न रहने की अपील की है।
सुमन ने बताया कि मकान गिरने के बाद से परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस मानसूनी बारिश में सिर छिपाने को पक्की छत न होने से बच्चों की सुरक्षा और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण खुद से नया मकान बनवा पाना उनके लिए मुमकिन नहीं है। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से पीएम आवास योजना का लाभ देने की मांग की है, ताकि वे अपने बच्चों को सुरक्षित माहौल दे सकें। उन्होंने मानवीय आधार पर अपनी स्थिति पर विचार करते हुए जल्द से जल्द सरकारी मदद की गुहार लगाई है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News