कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर बुधवार (22 जुलाई) को 25वें दिन भी प्रदर्शन जारी है. सीजेपी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है. विपक्षी सांसदों ने संसद के भीतर राहुल गांधी के नेतृत्व में काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया. सूत्रों के मुताबिक, आज देर शाम तक कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ सरकार के प्रतिनिधियों की मुलाकात हो सकती है. फिलहाल, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जगह को लेकर चर्चा जारी है. वहीं, सोनम वांगचुक से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करने के लिए विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मेदांता अस्पताल पहुंचा.
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से बुधवार को इनकार कर दिया. सीजेआई सूर्यकांत ने याचिकाकर्ता से कहा कि अदालत का समय बर्बाद न करें. सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया गया.
रिजिजू बोले सरकार नीट मामले में सरकार चर्चा के लिए तैयार
मानसून सत्र शुरू होने के बाद नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में छात्रों के आंदोलन को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद में गतिरोध जारी है. इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार (22 जुलाई) को राज्यसभा में कहा कि सरकार नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में सदन में चर्चा के लिए ‘सौ प्रतिशत’ तैयार है.
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद
दिल्ली में बुधवार (22 जुलाई) को सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो के 16स्टेशन बंद किए गए.
जिससे सुबह के व्यस्त समय में हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कार्यालयों को जाने वाले कई यात्रियों को बीच रास्ते में अपना मार्ग बदलना पड़ा, कुछ को अपरिचित स्टेशनों पर उतरना पड़ा और वैकल्पिक परिवहन के लिए मशक्कत करनी पड़ी.
डीएमआरसी ने बुधवार सुबह लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, उच्चतम न्यायालय, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. डीएमआरसी का यह कदम जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के जारी विरोध प्रदर्शन के बीच उठाया गया.
लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
उधर, नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार (22 जुलाई) को विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की बैठक दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई. वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सदस्य कल्याण बनर्जी को सदन में कुछ महिला सदस्यों से अभद्रता और दुर्व्यवहार के मामले में चालू सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया.
विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी दो बार के स्थगन के बाद तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे बैठक शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने कार्यवाही को आगे बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्षी सदस्य छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर हंगामा करने लगे.
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, ‘सोनम वांगचुक से मिलने नहीं दिया जा रहा है, हम बैठें हैं .आंदोलन जारी है और जारी रहेगा. केवल अनशन खत्म करने की रिक्वेस्ट करने आए हैं. पुलिस वाले मिलने नहीं दे रहे हैं, हमारे साथ 15 एमपी मिलने आए हैं.’
मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी नेताओं को पुलिस ने सोनम वांगचुक से मिलने से रोका है. आम आदमी पार्टी, सपा और JMM के नेता सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे थे. सभी सांसद मेदांता के गेट पर धरने पर बैठ गए हैं.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.