Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। साइबर सिटी की घरों से कूड़ा एकत्रित करने की व्यवस्था में अनुबंधित एजेंसियों की बड़ी धांधली सामने आई है। नगर निगम की ओर से सभी आठ जोन में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान जमीनी स्तर पर करीब 48 प्रतिशत वाहन गायब पाए गए। इस बड़े फर्जीवाड़े पर सख्त रुख अपनाते हुए गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सभी दोषी एजेंसियों को सोमवार तक निर्धारित संख्या के अनुसार वाहन ग्राउंड पर उतारने की अंतिम मोहलत दी है। मेयर ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक गाड़ियों की संख्या पूरी नहीं हुई तो एजेंसियों को न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि उन्हें तुरंत प्रभाव से ब्लैकलिस्ट भी कर दिया जाएगा। बता दें कि नगर निगम ने पांच निजी एजेंसियों को घरों से कूड़ा उठाने के लिए करीब 23 करोड़ रुपये का टेंडर सौंपा हुआ है। एजेंसियों को टेंडर के अनुसार पूरे शहर में 591 वाहन घरों से कूड़ा उठाने में लगाने थे, लेकिन लोगों का आरोप था कि एजेंसियों द्वारा नियमों के खिलाफ जाकर सिर्फ 200 से 250 वाहन ही मुश्किल से चलाए जा रहे हैं। इसको लेकर आपके अपने हिन्दुस्तान अखबार ने 19 जुलाई को घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए कम वाहन लगाए शीर्षक के साथ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर पर संज्ञान लेकर मेयर व निगम आयुक्त ने वाहनों की जांच करने का फैसला लिया。
बुधवार को वाहनों की गई भौतिक जांच में जहां 591 वाहन लगाने थे, वहां एजेंसियों के 369 वाहन ही मौके पर मिले। यानि कि 48 फीसदी वाहन मौके से गायब मिले। गौरतलब है कि नियमों के अनुसार नगर निगम के अधिकारियों को टेंडर आवंटित करने से पहले ही संबंधित एजेंसियों के वाहनों का भौतिक सत्यापन करना अनिवार्य था, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते गाड़ियां बिना जांचे ही काम पर लगा दी गईं।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर के सभी आठ जोन में घरों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए तैनात वाहनों की वास्तविक संख्या का सत्यापन करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था। प्रत्येक जोन में संयुक्त आयुक्तों और संबंधित पार्षदों को भौतिक निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी कड़ी में मेयर राजरानी मल्होत्रा स्वयं ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचीं और जोन-6 के कचरा संग्रहण वाहनों का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। अनुबंध के अनुसार जिस एजेंसी को जोन-6 में 53 वाहन लगाने थे, मौके पर केवल 40 वाहन ही कार्यशील मिले। यानी सीधे तौर पर 13 गाड़ियां कम पाई गईं। निरीक्षण के दौरान मेयर के साथ निगम पार्षद परमिंदर कटारिया, आशीष गुप्ता, रुचि गगनदीप, एसएसआई ऋषि मलिक और वार्डों के एएसआई मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सख्त लहजे में कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ है। नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सफाई सेवाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टेंडर लेने के बाद एजेंसियां कम गाड़ियां लगाकर कागजों में खेल कर रही हैं। सोमवार तक अगर हर जोन में शत-प्रतिशत गाड़ियां तैनात नहीं हुईं, तो ठेकेदारों के खिलाफ आर्थिक दंड और ब्लैकलिस्टिंग की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी जवाबदेही तय होगी। मेयर ने शहरवासियों से भी अपील की कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गुरुग्राम के निर्माण में नगर निगम का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की कचरा समस्या की सूचना तुरंत निगम प्रशासन को दें।
सेक्टर-9 और 9ए में निजी वेंडरों द्वारा लोगों से कूड़े के नाम पर अवैध वसूली को लेकर भी निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम कर्मचारी दोनों सेक्टरों में जाकर लोगों के बातचीत करके सर्वे कर रहे हैं कि सेक्टरों में घरों से कूड़ा कौन उठा रहा है। निगम कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटा रहे हैं।
नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सफाई सेवाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टेंडर लेने के बाद एजेंसियां कम गाड़ियां लगाकर कागजों में खेल कर रही हैं। सोमवार तक अगर हर जोन में शत-प्रतिशत गाड़ियां तैनात नहीं हुईं, तो ठेकेदारों के खिलाफ आर्थिक दंड और ब्लैकलिस्टिंग की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
– राज रानी मल्होत्रा, मेयर, नगर निगम, गुरुग्राम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play