25 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने मेदांता अस्पताल से वीडियो जारी कर कहा कि उनका 11 किलो वजन कम हो चुका है. उन्होंने छात्रों पर कार्रवाई रोकने का आश्वासन मिलने पर आज ही अनशन खत्म करने की बात कही. IANS की खबर के मुताबिक, सोनम वांगचुक ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से जारी एक वीडियो संदेश में कहा है. वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा कि मैं अभी जिंदा हूं; यह मेरे अनशन का 25वां दिन है. 25वें दिन तक मेरा लगभग 11 किलो वजन कम हो चुका है और काफी मांसपेशियां भी कम होने लगी हैं, मगर मैं ठीक हूं. कल रात मुझे सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के एक मेदांता अस्पताल में लाया गया है. सोनम वांगचुक ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की भी तारीफ की. वांगचुक ने कहा कि मैं उन सभी छात्रों की सराहना करना चाहता हूं, जिन्होंने बेहद शांतिपूर्ण तरीके से व्यवहार किया. उन्होंने खुद पर लाठियां खाईं, लेकिन वापस कोई हमला नहीं किया. काफी उकसावे और कुछ तत्वों द्वारा पत्थर फेंकने की कोशिशों के बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा. यह देखकर मेरा दिल पिघल गया. उन्होंने कहा कि छात्रों पर बहुत बर्बरता से हमले हो रहे थे, इसलिए मैंने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया था. अब भी मेरे पास कई नेता अनशन तुड़वाने की अपील लेकर आए हैं. इनमें मंत्री और सांसद भी शामिल हैं. लगभग 65 सांसदों के हस्ताक्षर के साथ मुझसे आग्रह किया जा रहा है कि मैं अनशन खत्म कर दूं और वापस देश सेवा में लग जाऊं. मैं खुद भी ऐसा ही करना चाहता हूं, क्योंकि मेरे लिए मेरा काम बहुत जरूरी है.
उन्होंने आगे कहा कि मैं सरकार से विनती करता हूं कि बच्चों पर इस तरह बल प्रयोग न किया जाए. दूसरी बात, छात्रों पर ऐसे आरोप और एफआईआर दर्ज न की जाए, जिनके जरिए उन्हें जेल, पुलिस या अन्य माध्यमों से परेशान किया जा सके. मुझे इस संबंध में आश्वासन चाहिए. यदि यह आश्वासन जल्द मिल जाता है, तो मैं आप सभी और यहां आए नेताओं की बातों का सम्मान करते हुए आज ही अपना अनशन तोड़ दूंगा. लेकिन, यदि ऐसा कोई आश्वासन नहीं मिलता है, तो बदकिस्मती से मुझे अपना अनशन जारी रखना पड़ेगा.
केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा , “सरकार चाहती है कि संसद में पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा हो. चर्चा कितने समय तक होनी चाहिए, यह विपक्ष और बिजनेस एडवाइजरी कमेटी तय कर सकती है. विपक्ष चाहे तो 12 घंटे या 18 घंटे तक चर्चा कर सकता है और सरकार इसके लिए तैयार है.” उन्होंने कहा, “संसद ही वह सबसे उपयुक्त मंच है, जहां इस तरह के गंभीर विषयों पर सभी पहलुओं पर विचार किया जा सकता है. छात्रों का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है और इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि मिलकर समाधान निकाला जाए.”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “बच्चे हमारे भी हैं, आपके भी हैं और देश का भविष्य भी हैं. देश के भविष्य की चिंता करना हमारी जिम्मेदारी है.” उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाए और आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़े. नीट आंदोलन को लेकर नड्डा ने कहा, “छात्रों की मांगों को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. विपक्ष छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है. पेपर लीक एक गंभीर समस्या है और इसका समाधान मिलकर निकालना चाहिए.” यह मुद्दा राजनीति से ऊपर उठकर देखने की जरूरत है. पिछली सरकारों के कार्यकाल में भी पेपर लीक के कई मामले सामने आए हैं. आरोप-प्रत्यारोप से बाहर निकलकर संसद में इस गंभीर विषय पर चर्चा होनी चाहिए.”
सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है और यदि लिखित रूप में कोई बात आती है तो उस पर विचार किया जाएगा. वहीं, सोनम वांगचुक से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया है और उनके द्वारा पत्र भी लिखा गया है.
केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग पर नड्डा ने कहा कि ऐसे मुद्दे इस तरह नहीं उठाए जाते. सरकार संसद में बहस के लिए तैयार है और चर्चा के माध्यम से ही समाधान निकाला जाना चाहिए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
फ़रहा फ़ातिमा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस से ग्रेजुएशन के बाद पत्रकारिता करियर की शुरुआत 2015 में LIVE India में इंटर्नशिप से की. प्रारंभिक दौर में ही उन्होंने जामिया … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED