गोपालगंज जिले में पारिवारिक उत्पीड़न और मानसिक दबाव से परेशान एक युवक ने थावे रेलखंड के सिरसिया गांव के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना में युवक के दोनों पैर कट गए हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना से ठीक पहले युवक ने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी मां के नाम एक संदेश जारी किया था। लाइव में उसने कहा था कि मां मैंने कहा था न तुमसे पहले मैं मर जाऊंगा। मैं अभी मरने जा रहा हूं। मां के रहते हुए आज बेटा चला जाएगा। तुमने मुझे कभी अपना बेटा माना ही नहीं।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
डॉक्टर ने गंभीर हालत में गोरखपुर किया रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है। घायल युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैलवा गांव निवासी स्वर्गीय सुखल साह के बेटे अजेश कुमार साह(29) के रूप में हुई है।
अजेश तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसका एक भाई दुबई में और दूसरा बेंगलुरु में काम करता है। उनके पिता का निधन हो चुका है और मां भाइयों के साथ रहती हैं।
भाभी 9 लाख रुपए देने का बना रही दबाव
अजेश के अनुसार, वह पिछले तीन साल से दुबई में वेल्डिंग का काम कर रहा था और अपनी कमाई का सारा पैसा अपने भाई-भाभी को भेजता रहा। उसने तीन साल में लगभग 9 लाख रुपए भेजे थे। चार महीने पहले अजेश की शादी हुई थी।
शादी के बाद उसकी भाभी उस पर दबाव बनाने लगीं कि उसने 9 लाख रुपए कर्ज लेकर शादी की है और उसे तुरंत चुकाए, अन्यथा वह अपने भाइयों को बुलाकर पिटवाएंगी और केस में फंसा देंगी। अजेश का कहना है कि उसकी मां और पत्नी भी उन लोगों के साथ थीं और किसी ने उसकी मजबूरी नहीं समझी।
पत्नी ने भी मुसीबत में नहीं दिया साथ
युवक ने बताया कि मुसीबत के समय उसकी पत्नी ने भी उसका साथ नहीं दिया। अजेश का दावा है कि जब वह आत्महत्या का कदम उठाने के लिए घर से निकल रहा था और उसने पत्नी को इस बारे में बताया, तो उसने रोकने के बजाय बेरुखी से कहा, “ठीक है, जाकर मर जाओ।” घर में मां, भाई, भाभी और पत्नी की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.