Railway Tatkal booking (Image: IANS)
Indian Railways News: अगर आप ट्रेन से सफर करते हैं और रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट बुक करवाते हैं, तो आपके लिए यह खबर काम की है. भारतीय रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने 1 अगस्त 2026 से कुछ स्टेशनों पर तत्काल टिकट बुकिंग के लिए नई टोकन व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है. इसका मकसद टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी लाइन, भीड़ को कम करना है. साथ ही, इस नए नियम से यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने से भी राहत मिल सकती है. नए नियम के अनुसार, यात्रियों को पहले टोकन लेना होगा और इसके बाद टोकन नंबर के हिसाब से उन्हें टिकट काउंटर पर बुलाया जाएगा.
AC और Non-AC यानी Sleeper तत्काल टिकट के लिए टोकन बांटने का समय अलग रखा गया है. AC तत्काल टिकट की बुकिंग सुबह 10 बजे से शुरू होती है. इसके लिए यात्रियों को सुबह 8:30 बजे से 9 बजे के बीच टोकन दिया जाएगा. वहीं, Non-AC या Sleeper तत्काल टिकट की बुकिंग सुबह 11 बजे शुरू होगी. इसके लिए टोकन वितरण सुबह 9:30 बजे से 10 बजे के बीच किया जाएगा. इसका मतलब है कि अगर आप AC तत्काल टिकट लेना चाहते हैं तो आपको तय समय पर स्टेशन पहुंचकर पहले टोकन लेना होगा. इसी तरह Sleeper तत्काल टिकट के लिए भी टोकन लेने का समय पहले से तय रहेगा. इससे टिकट बुकिंग शुरू होने के समय काउंटर पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी.
रेलवे ने नई व्यवस्था में हर बुकिंग काउंटर से दिए जाने वाले टोकन की संख्या भी तय की है. जानकारी के मुताबिक, एक काउंटर से AC तत्काल टिकट के लिए अधिकतम 10 टोकन जारी किए जाएंगे. वहीं, Non-AC यानी Sleeper तत्काल टिकट के लिए एक काउंटर से अधिकतम 15 टोकन दिए जाएंगे. इससे यात्रियों को पहले ही पता चल सकेगा कि उन्हें टिकट बुक कराने का मौका मिलेगा या नहीं. अभी कई बार तत्काल टिकट के लिए यात्री सुबह से ही लंबी लाइन में लग जाते हैं, लेकिन टिकट की संख्या कम होने के कारण उनका नंबर आने तक टिकट खत्म हो जाता है. नई टोकन व्यवस्था से ऐसे यात्रियों को घंटों लाइन में खड़े रहने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.
रेलवे की इस नई व्यवस्था का एक बड़ा मकसद तत्काल टिकट की बुकिंग में दलालों और गलत तरीके से टिकट बुक कराने वालों पर रोक लगाना भी है. टोकन लेने के लिए यात्री को अपना ओरिजिनल पहचान पत्र दिखाना होगा. टोकन पर यात्री का नाम और दूसरी जानकारी दर्ज की जाएगी. इससे किसी दूसरे व्यक्ति के टोकन का इस्तेमाल करने की संभावना कम होगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टोकन लेने के समय अपना आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे वैध पहचान पत्र साथ लेकर जाएं. पहचान पत्र के बिना टोकन मिलने में परेशानी हो सकती है.
अगर आप 1 अगस्त के बाद पश्चिम मध्य रेलवे के संबंधित स्टेशनों से तत्काल टिकट बुक कराने जा रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखें. AC तत्काल टिकट के लिए सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच और Sleeper तत्काल टिकट के लिए सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच स्टेशन पहुंचना बेहतर रहेगा. अपना ओरिजिनल ID Proof जरूर साथ रखें. इसके अलावा रिजर्वेशन फॉर्म पहले से पूरी तरह भरकर तैयार रखें, ताकि काउंटर पर आपका समय बर्बाद न हो. टोकन मिलने के बाद यात्री को अपनी बारी का इंतजार करना होगा और टोकन नंबर के हिसाब से काउंटर पर बुलाया जाएगा. फिलहाल यह व्यवस्था पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर शुरू की जा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
ऋषभ कुमार पाण्डेय डिजिटल मीडिया और न्यूज इंडस्ट्री में एक साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं. वे मई 2024 से Zee Media समूह के साथ जुड़े हैं. यहां उन्होंने पहले Zee News हिंदी में काम किया और वर्तमान में India.com हिंदी में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. ऋषभ यहां देश-दुनिया की खबरों के साथ-साथ टेक और … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.