Meerut Kanwar Yatra: दौराला में गरम धरम होटल के पास कांवड़ियों के दो गुटों में बाइक टकराने के बाद विवाद और मारपीट हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कॉन् …और पढ़ें
पुलिस की फाइल फोटो।
दौराला में कांवड़ियों के दो गुटों में हुई मारपीट
बीच-बचाव कर रहे पुलिसकर्मी से भी की गई धक्का-मुक्की
पुलिस ने मौके से बाइक-स्कूटी जब्त की, घायलों का उपचार
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। Meerut Kanwar Yatra, Kanwariya Violence दौराला में दिल्ली-दून हाईवे पर गरम धरम होटल के पास रविवार देर रात बाइक की टक्कर के बाद पैदल और बाइक सवार कांवड़ियों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे कांवड़ियों के वेश में ड्यूटी कर रहे हेड कॉन्स्टेबल के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी दौराला भेजा।
जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के देवली कॉलोनी निवासी विकास मिश्रा अपने साथी कांवड़ियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर गरम धरम होटल के सामने गौतमबुद्धनगर के बिसरख निवासी सोनू यादव और उसका साथी गुड्डू बाइक से हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर जा रहे थे। सोनू यादव के साथ अन्य दोपहिया वाहनों पर उसके कई साथी कांवड़ियां भी थे। सोनू यादव की बाइक विकास मिश्रा की कांवड़ से टकरा गई।
इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। हंगामा और मारपीट होती देख कांवड़ियों के वेश में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार कांवड़ियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और हेड कॉन्स्टेबल के साथ भी अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की व मारपीट कर दी। घटना में हैड कांस्टेबल समेत कुछ कांवड़ियों को भी चोटें आईं। सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से एक बाइक और एक स्कूटी कब्जे में ली। घायल सोनू, आयुष, सागर, विकास और गुड्डू को उपचार के लिए सीएचसी दौराला भेजा, जहां सभी का उपचार कराया गया।
यह भी पढ़ें- नमो भारत व मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग सुविधा प्रभावित, कांवड़ यात्रा के चलते मेरठ में आज से कई प्रवेश द्वार बंद
पूछताछ में सामने आया कि बाइक सवार कांवड़िए हरिद्वार जाते समय एक ढाबे पर अपना बैग भूल गए थे। बैग लेने के लिए वे नंगलीतीर्थ गेट के सामने यू-टर्न से वापस कांवड़ मार्ग पर लौटे थे। इसी दौरान उनकी बाइक पैदल जा रहे कांवड़ियां विकास मिश्रा की कांवड़ से टकरा गई, जिसके बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा: कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने मेरठ आ सकते हैं सीएम, स्पेशल प्लान तैयार करने में जुटा जिला प्रशासन
कांवड़ियों के बीच हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव कर रहे पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई थी। मौके से बाइक और स्कूटी बरामद की गई। कांवड़ यात्रा को देखते हुए दोनों पक्षों के नाम पते नोट किए और चेतावनी देकर उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।
शिव ठाकुर, सीओ दौराला।