Feedback
कल पूरे देश में नाग पंचमी मनाई जाएगी. हम सभी सांपों और नागों के बारे में बचपन से सुनते आ रहे हैं लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सांप और नाग एक होते हैं या अलग. अक्सर लोग सांप और नाग को एक ही समझ लेते हैं या इन दोनों शब्दों का इस्तेमाल एक-दूसरे की जगह कर देते हैं. लेकिन जीव विज्ञान और वन्यजीव विशेषज्ञों की मानें तो हर नाग एक सांप है लेकिन हर सांप नाग नहीं होता.
भारत में पाई जाने वाली सांपों की सैकड़ों प्रजातियों में से सिर्फ कुछ ही प्रजातियां नाग की श्रेणी में आती हैं. बरसात के मौसम में या अक्सर घरों के आसपास अचानक सांप या नाग का निकल आना आम बात है. ऐसे में डरने के बजाय यह पहचानना बेहद जरूरी है कि सामने मौजूद जीव कितना खतरनाक या विषैला है. आइए जानते हैं सांप और नाग के बीच का वैज्ञानिक अंतर और अचानक सामने आ जाने पर उन्हें पहचानने के आसान तरीके.
1. वैज्ञानिक और प्रजाति का अंतर
सांप: सांप सरिसृप रेप्टाइल्स वर्ग का एक पूरा समूह है. इसमें बिना जहर वाले (जैसे अजगर, धामन) से लेकर अत्यधिक जहरीले (जैसे करैत, रसेल वाइपर) सांप शामिल हैं.
नाग: नाग वास्तव में सांपों के इलापिडे परिवार की नाजा प्रजाति का एक विशिष्ट जहरीला सांप है. इसे अंग्रेजी में कोबरा भी कहा जाता है. यानी नाग सांपों के ही बड़े परिवार का एक खास और बहुत जहरीला सदस्य है.
2. अचानक सामने आने पर ऐसे करें पहचान
अगर आपके सामने अचानक कोई सांप आ जाए तो आप कुछ संकेतों से पहचान सकते हैं कि वो नाग है या कोई अन्य साधारण सांप.
फन फैलाना:
नाग की सबसे बड़ी और स्पष्ट पहचान उसका फन है. जब नाग को खतरा महसूस होता है तो वो अपने शरीर के अगले हिस्से को ऊपर उठाकर गर्दन की पसलियों को फैला लेता है जिससे चौड़ा फन बनता है.
ज्यादातर साधारण या बिना जहर वाले सांपों के पास फन नहीं होता. वे खतरा महसूस होने पर भागने या फुफकारने की कोशिश करते हैं.
फन के पीछे का निशान:
भारतीय नाग के फन के पीछे की तरफ चश्मे या ‘U’ आकार का एक विशिष्ट सफेद निशान बना होता है. नागराज के फन पर ‘V’ आकार की धारियां होती हैं.
सिर का आकार और बनावट:
नाग का सिर फन के साथ चपटा और चौड़ा दिखाई देता है, जबकि ज्यादातर साधारण सांपों का सिर पतला, गोल या बेलनाकार होता है.
चेतावनी देने का तरीका:
नाग खतरे के समय अपनी कुल लंबाई का एक-तिहाई हिस्सा हवा में ऊपर उठा लेता है और जोर-जोर से फूं-फूं की फुफकार छोड़ता है.
रंग और पैटर्न:
भारतीय नाग अक्सर काले, गहरे भूरे या पीले-गहरे रंग के होते हैं. उनके पेट का निचला हिस्सा सफेद या हल्का पीला होता है.
अचानक सामना होने पर क्या करें?
नाग या कोई भी सांप केवल तभी हमला करता है जब उसे लगता है कि आप उसे नुकसान पहुंचाने वाले हैं.
कम से कम 5-6 फीट की दूरी बनाए रखें और धीरे-धीरे पीछे हटें.
ज्यादातर सांप काटने की घटनाएं उन्हें पकड़ने या मारने के प्रयास में ही होती हैं. तुरंत स्नेक सेवर या वन विभाग को सूचना दें.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू