Punjab Schools Independence Day: पंजाब के कुछ सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस नहीं होने की शिकायत ने अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का ध्यान खींचा है. आयोग की प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली बेंच ने पंजाब सरकार से इस मामले में डिटेल रिपोर्ट मांगी है. शिकायत में खास तौर पर ग्रामीण, दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में स्थित सरकारी स्कूलों का जिक्र किया गया है.
मामला केवल 15 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित होने या न होने तक सीमित नहीं है. NHRC ये भी देख रहा है कि अगर कुछ स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रम नहीं हुए तो क्या वहां पढ़ने वाले बच्चों को राष्ट्रीय पर्व में भाग लेने और उससे जुड़े शैक्षणिक और नागरिक अनुभव हासिल करने का समान अवसर मिला.
आयोग ने पंजाब सरकार को राज्य, जिला और स्कूल स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है. रिपोर्ट में ये बताना होगा कि कितने सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, कहां राष्ट्रगान हुआ और किन संस्थानों में विद्यार्थियों ने समारोह में हिस्सा लिया. इसके अलावा उन स्कूलों की अलग जानकारी भी मांगी गई है, जहां निर्धारित गतिविधियां आयोजित नहीं की गईं. सरकार को ऐसे मामलों में कार्यक्रम नहीं होने के कारणों की भी जानकारी देनी होगी.
NHRC की चिंता खास तौर पर उन इलाकों को लेकर है, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों को कई तरह की सुविधाओं और अवसरों में अंतर का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए आयोग ने ग्रामीण, दूरस्थ और सीमा से लगे क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में स्थिति की विशेष जांच करने को कहा है.
आयोग ने यह जानने की कोशिश की है कि पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले बच्चों को राष्ट्रीय पर्व मनाने के समान अवसर मिल रहे हैं या नहीं. बेंच के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर बच्चों को देश के स्वतंत्रता संघर्ष, संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों के बारे में समझ विकसित करने का मौका देते हैं.
ऐसे कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को नागरिक जिम्मेदारियों, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों से भी परिचित कराया जाता है. इसलिए किसी क्षेत्र के बच्चों को इन गतिविधियों से वंचित किए जाने की स्थिति को केवल एक प्रशासनिक चूक के तौर पर नहीं देखा जा सकता.
NHRC ने पंजाब के मुख्य सचिव को चार हफ्ते के अंदर Action Taken/Compliance Report दाखिल करने का निर्देश दिया है. रिपोर्ट में आयोग की तरफ से मांगी गई सभी जानकारियों को शामिल करना होगा. इसके साथ ही आयोग ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से भी संबंधित जानकारी मांगी है. गृह मंत्रालय को भी मामले से अवगत कराया गया है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2018 में इन्होंने अपने सफर की शुरुआत ETV भारत से की. बतौर एंकर 3 साल तक अनगिनत खबरें पढ़ीं, लिखीं और … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.