Feedback
लखनऊ डबल मर्डर केस की जांच में नया खुलासा हुआ है. आरोपी पति मानस बाजपेई कई दिनों से पत्नी दिव्या पर नजर रख रहा था. घटना से दो दिन पहले भी उसने दिव्या का पीछा कर उसकी गाड़ी रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वह वहां से निकल गई.
दिव्या को पहले से अनहोनी का डर था. उन्होंने अपने करीबियों को बताया था कि ‘मानस उसे जान से मार सकता है’. दोनों के बीच करीब एक साल से तलाक का केस चल रहा था. 21 अगस्त को इसी मामले में कोर्ट की तारीख थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही दिव्या की हत्या कर मानस ने खुद को गोली मार ली.
दिव्या और मानस के बीच करीब एक साल पहले तलाक का केस शुरू हुआ था. दोनों अलग रह रहे थे. फिलहाल मामले में मेडिएशन की प्रक्रिया चल रही थी. परिवार के मुताबिक, 21 अगस्त को कोर्ट में अगली तारीख थी. जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले मानस दिव्या के ऑफिस आने-जाने पर नजर रख रहा था. दो दिन पहले उसने रास्ते में उसकी गाड़ी रोकने की कोशिश भी की थी. दिव्या वहां से निकल गई थी.
यह भी पढ़ें: पत्नी को रोका, पीटा फिर गोलियों से कर दिया छलनी… लखनऊ हत्याकांड का CCTV फुटेज
बैंक के बाहर दिव्या को मारी गोली
गुरुवार को मानस ने ICICI बैंक के बाहर दिव्या को गोली मार दी थी. सामने आए CCTV फुटेज में दिव्या बैंक के अंदर जाती दिखाई दे रही है. इसी दौरान मानस उसे रोकता है. दोनों के बीच बातचीत के बाद विवाद शुरू होता नजर आता है. फुटेज में मानस कथित तौर पर दिव्या के साथ मारपीट करता दिखाई देता है. बैंक का सिक्योरिटी गार्ड और वहां मौजूद कर्मचारी यह देखकर मौके पर पहुंचे. उन्होंने दिव्या को बचाने की कोशिश की. इसके बाद मानस ने उसे गोली मार दी.
पुलिस CCTV फुटेज समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. इससे यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि गोली चलने से पहले दोनों के बीच क्या हुआ था.
पत्नी की हत्या के बाद बहन को मारा
दिव्या को गोली मारने के बाद मानस ऑटो से अपने घर पहुंचा. पुलिस के मुताबिक, वहां उसने अपनी बीमार बहन को गोली मार दी. इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. घटनास्थल से तीन हथियार बरामद किए गए हैं. पुलिस को मानस का WhatsApp स्टेटस भी मिला है. इसमें उसने दिव्या पर धोखा देने का आरोप लगाया था. स्टेटस में पत्नी की हत्या के बाद बहन को मारने की बात भी लिखी गई थी. पुलिस अब इस मैसेज की सत्यता की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: ‘साइको था पति, अलग रह रही थी दिव्या…’, लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड केस में मृतका की बहन के चौंकाने वाले दावे
किरायेदार ने बताया उस दिन क्या हुआ
मानस के घर के नीचे दुकान चलाने वाले लवकुश ने बताया कि घटना वाले दिन मानस काफी घबराया हुआ घर आया था. उसके शरीर पर पसीना था. उसने लवकुश से हालचाल पूछा. परेशानी के बारे में सवाल करने पर उसने ऑफिस की टेंशन बताई. इसके बाद मानस अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद एक दोस्त ने लवकुश को फोन कर WhatsApp स्टेटस के बारे में बताया. स्टेटस देखने के बाद लोगों को अनहोनी का शक हुआ.
लवकुश के मुताबिक, मानस के रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए. कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा. अंदर मानस और उसकी बहन मृत मिले. पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस भी बरामद किए हैं. किस हथियार से वारदात हुई, इसकी जांच जारी है.
भतीजे के जन्मदिन की तैयारी कर रही थी दिव्या
परिवार के मुताबिक, दिव्या अपने भतीजे के सितंबर में आने वाले जन्मदिन के लिए तैयारी कर रही थी. उसने जंगल थीम पर सरप्राइज देने की योजना बनाई थी. इसके लिए गिफ्ट भी तैयार कर रही थी.
अब पुलिस हत्या से पहले की घटनाओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है. दिव्या का पीछा करने से लेकर बैंक के बाहर हुई वारदात तक हर कड़ी की जांच की जा रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू