केरल के कन्नूर में एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन, जो खुद एक डॉक्टर हैं, ने रस्में रोककर कैटरिंग टीम की दो बीमार महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिया।
AI द्वारा बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
डॉक्टर दुल्हन ने शादी के बीच बीमार महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिया।
कन्नूर में हुई घटना, दुल्हन ने रस्में रोककर मानवता का परिचय दिया।
प्राथमिक चिकित्सा के महत्व को दर्शाती यह घटना इंटरनेट पर वायरल हुई।
डिजिटल डेस्क, कन्नूर। केरलम में शादी के जश्न के बीच दुल्हन ने रस्में रोककर कैटरिंग टीम की दो बीमार महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिया। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। कन्नूर के पानूर की रहने वाली डा. शिरीन सुबैर की डा. रिजाज के साथ शादी हो रही थी।
इस बीच कैटरिंग टीम की दो महिलाएं बीमार पड़ गईं। एक की नाक से खून बहने लगा और दूसरी को चक्कर आने की शिकायत हुई। शिरीन ने कहा, “किसी ने मुझसे आकर इसकी जानकारी दी। जब मैंने स्थिति देखी, तो मैंने वही किया जो जरूरी था।
ओट्टापलम के वल्लुवनद अस्पताल में इमरजेंसी मेडिसिन में एमडी के पहले साल की पढ़ाई कर रहीं शिरीन ने बताया कि उन्होंने दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाने से पहले जरूरी प्राथमिक उपचार दिया।
जिनकी नाक से खून बह रहा था, शिरीन ने उन्हें आगे झुकने और नाक के नरम हिस्से को 10 से 15 मिनट तक जोर से दबाकर रखने के लिए कहा, साथ ही मुंह से सांस लेने की सलाह दी। दूसरी महिला, जिसे चक्कर आ रहे थे, उसे पैर ऊपर उठाकर लिटाया गया। शिरीन ने कहा, “ये कुछ बुनियादी कदम हैं, पहले प्राथमिक उपचार देना और फिर अस्पताल पहुंचाना।
नवविवाहित जोड़े ने कहा कि यह घटना इस बात की याद दिलाती है कि प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) की बुनियादी जानकारी लोगों को मेडिकल इमरजेंसी के समय तुरंत प्रतिक्रिया देने में मदद कर सकती है, चाहे वह कहीं भी हो।