मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम से पहले दो हिंदू अमेरिकी समूहों ने सुरक्षा सलाह जारी की है। विरोध प्रदर्शनों और …और पढ़ें
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत।
हिंदू समूहों ने भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम के लिए सुरक्षा सलाह दी।
विरोध प्रदर्शनों के कारण उपस्थित लोगों को सतर्क रहने को कहा।
एचएएफ ने न्यूयॉर्क मेयर से सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। दो हिंदू अमेरिकी समूहों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले संबोधन से पहले सुरक्षा सलाह जारी की है।
जिसमें उपस्थित होने वाले लोगों और न्यूयार्क के हिंदू संस्थानों से आग्रह किया गया है कि वे विरोध प्रदर्शनों और कार्यक्रम को रद करने की मांगों के बीच सतर्क रहें। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने अगस्त 29 को होने वाले यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन के लिए “समुदाय सलाह चेतावनी” जारी की।
अमेरिका के हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि सतर्क रहें, स्थिति के प्रति जागरूक रहें और बातचीत को शिष्ट रखें। संस्थान ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने इस सभा को बाधित करने और रद कराने का प्रयास किया है।
इसने न्यूयार्क के मेयर जोहरान ममदानी से “सभी न्यूयार्कवासियों, विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की सुरक्षा और नागरिक अधिकारों की रक्षा करने की शपथ का पालन करने” का आग्रह किया।
एचएएफ ने किसी विशेष खतरे का उल्लेख नहीं किया और न ही कहा कि कानून प्रवर्तन ने किसी सुरक्षा जोखिम की पुष्टि की है। इसने उपस्थित लोगों से दूसरों के इकट्ठा होने, विरोध करने और अपने विचार व्यक्त करने के अधिकारों का सम्मान करने का आग्रह किया। साथ ही यह भी कहा कि वे उत्तेजक या धमकी देने वाले बयानों वाले लोगों के साथ टकराव से बचें।
सलाह में कहा गया, “यदि आप खुद को खतरे में महसूस करते हैं, तो क्षेत्र छोड़ दें और कार्यक्रम की सुरक्षा या कानून प्रवर्तन से संपर्क करें। आपात स्थिति में 911 पर काल करें।” एचएएफ ने प्रतिभागियों से धमकियों, तोड़फोड़, नफरत के संदिग्ध मामलों और अन्य अपराधों की रिपोर्ट सुरक्षा कर्मियों या कानून प्रवर्तन को करने का आग्रह किया। इसने न्यूयार्क में हिंदू मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने का भी आग्रह किया।
इसी तरह एक अन्य संगठन ‘हिंदू एक्शन’ ने एक समान सलाह जारी की, जिसमें हिंदू निवासियों और भागवत की यात्रा से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने वालों से किसी भी धमकी, उत्पीड़न को दर्ज कराने का आग्रह किया।
इसने कहा,”घटनाओं की तुरंत एनवायपीडी और अन्य उचित अधिकारियों को रिपोर्ट करें। सुरक्षित रहें। एक-दूसरे का ध्यान रखें।” ये चेतावनियां उस समय आईं जब अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआइआरएफ) ने मोहन भागवत की यात्रा पर चिंता व्यक्त की और अमेरिकी सरकार के सदस्यों और भारतीय अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने पर विचार करने का आग्रह किया।
पूर्व सिएटल सिटी काउंसिल सदस्य क्षमा सावंत ने न्यूयार्क के मेयर ममदानी से मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम को रोकने का आग्रह किया। उन्होंने हिंदुओं, भारतीय अमेरिकी मुस्लिम परिषद और अन्य समूहों का धन्यवाद किया जो इस सभा के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
खुद ममदानी ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि क्या शहर के पास निजी कार्यक्रम रद करने का अधिकार है। भारतीय अमेरिकी मुस्लिम परिषद, यूनाइटेड अगेंस्ट सुप्रीमेसी व कई सिख, दलित, मुस्लिम और नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं ने भी इसका विरोध किया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इस सभा का बचाव करते हुए इसे एक समावेशी अंतरधार्मिक संवाद बताया। संगठन के राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख सुनील अम्बेकर ने कहा कि भागवत “विविध, बहुसांस्कृतिक और बहुधार्मिक दर्शकों” के साथ संवाद करेंगे। यह पहल आरएसएस की विभिन्न समुदायों के साथ जुड़ने की दीर्घकालिक परंपरा के अनुरूप है।” यह सभा अमेरिकन हिंदूज फार एंगेजमेंट एंड डायलाग (अहेड) फोरम द्वारा आयोजित की जा रही है।