गुरुग्राम में एअर इंडिया के कर्मचारी युवराज शर्मा की पत्नी कीर्तिमई मिश्रा (44) के सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। कीर्तिमई के परिवार के मुताबिक, बुधवार रात कीर्ति ने युवराज के फोन में उसकी एक महिला सहकर्मी के साथ फोटो देखी थी। इस बात को लेकर दोन
कीर्तिमई मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर की रहने वाली थीं, जबकि युवराज मुंबई का रहने वाला है। दोनों ने करीब 15 साल पहले लव मैरिज की थी। उनकी 9 साल की एक बेटी है। दोनों गुरुग्राम में सेक्टर-71 स्थित सोसाइटी में रहते थे। कीर्तिमई स्मार्ट वर्ल्ड कंपनी में लर्निंग एंड टैलेंट डेवलपमेंट हेड के पद पर कार्यरत थीं।
अब जानिए कैसे हुआ पति-पत्नी के बीच झगड़ा….
कीर्ति ने मोबाइल में महिला सहकर्मी के साथ फोटो देखी
युवराज ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे कीर्ति अपनी बेटी और पति के साथ बिस्तर पर लेटी थीं। इसी दौरान उन्होंने युवराज का मोबाइल देखा। फोन में एअर इंडिया एकेडमी स्टाफ के साथ खिंचवाई गई कुछ तस्वीरें थीं। इनमें एक फोटो युवराज की एक महिला सहकर्मी के साथ थी। फोटो देखने के बाद कीर्ति को शक हुआ और उन्होंने युवराज से इस बारे में बात की। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
झगड़े के बाद दूसरे कमरे में चली गई
परिवार के मुताबिक, फोटो को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद कीर्ति गुस्से में दूसरे कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा लॉक कर लिया। युवराज को लगा कि रात में गुस्सा शांत होने के बाद सुबह सब ठीक हो जाएगा। अगली सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। युवराज ने कीर्ति को आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बालकनी से कमरे के अंदर देखा तो कीर्ति फंदे से लटकी हुई दिखाई दीं।
दरवाजा तोड़ते समय हाथ और घुटने में चोट लगी
परिवार के मुताबिक, दरवाजा नहीं खुलने पर युवराज ने पहले हाथ से और फिर पैर मारकर दरवाजे का शीशा तोड़ा। इस दौरान उनकी उंगली और घुटने में गहरी चोट लगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस और दोस्तों को फोन किया। सूचना मिलने पर बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सहकर्मियों को घटना पर विश्वास नहीं हो रहा
कीर्ति और युवराज के सहकर्मी घटना से स्तब्ध हैं। सहकर्मियों के मुताबिक, कीर्ति दूसरों को आगे बढ़ने और करियर बनाने के लिए ट्रेनिंग देती थीं। वहीं, युवराज एअर इंडिया में केबिन क्रू को ट्रेनिंग देते थे। उनके बारे में भी सहकर्मियों ने कभी ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं होने की बात कही।
चार दिन पहले भाई राखी बंधवाकर गया था
परिजनों के मुताबिक, कीर्ति का छोटा भाई पढ़ाई के सिलसिले में विदेश जाने वाला था। इसलिए वह सुसाइड से चार दिन पहले गुरुग्राम आया था और बहन से राखी बंधवाकर गया था। मौत की सूचना मिलने के बाद वह फ्लाइट से शुक्रवार सुबह दोबारा गुरुग्राम पहुंचा। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। फिलहाल पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.