कोयम्बटूर में आवारा कुत्तों ने एक मानसिक रूप से बीमार महिला को नशे में धुत युवक द्वारा किए जा रहे दुष्कर्म के प्रयास से बचाया है।
आवारा कुत्तों ने बचाई महिला की जान।
कोयम्बटूर में आवारा कुत्तों ने मानसिक रूप से बीमार महिला की जान बचाई।
नशे में धुत युवक ने महिला पर हमला करने का प्रयास किया।
कुत्तों की बहादुरी से आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के कोयम्बटूर से एक एसी घटना सामने आई है, जिसने एक तरफ जहां इंसानियत पर कई सारे सवाल खड़े कर दिए। वहीं दूसरी ओर इसी घटना ने वफादारी की मिसाल पेश की है।
यह मामला कोयम्बटूर के थुडियालूर का है। जहां कुछ आवारा कुत्तों ने मिलकर एक मानसिक रूप से बिमार महिला को एक दरिंदे के चंगुल से बचा लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे थुडियालूर के एनजीजीओ कॉलोनी-अशोकपुरम इलाके में रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई।
बता दें कि मानसिक रूप से बिमार यह महिला अक्सर इसी सड़क के किनारे रहती है। शुक्रवार की रात करीब 2 बजे जब वह वहां बैठी थी, तो एक नशे में धुत युवक उसके पास पहुंचा। लोगों का कहना है कि उस इलाके में रहने वाले कुछ आवारा कुत्ते उस महिला को पहले से जानते थे। जैसे ही युवक पास आया, कुत्ते लगातार भौंकने लगे।
युवक ने महिला से पूछा कि क्या ये कुत्ते उसके हैं? महिला ने कहा कि वह उन्हें भगाने के लिए पत्थर फेंक दे। युवक ने पत्थर फेंका जिससे कुत्ते थोड़े पीछे तो हटे, लेकिन वे वहीं डटे रहे और भौंकते रहे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुनसान इलाका पाकर नशे में धुत युवक महिला के साथ जबरदस्ती करने और गलत हरकत करने की कोशिश करने लगा। महिला ने जब मदद के लिए चीखना-चिल्लाना शुरू किया, तो तुरंत एक कुत्ता उस पर झपट पड़ा।
इसके बाद बाकी कुत्ते भी आक्रामक हो गए। कुत्तों ने गुस्से में भौंकते हुए उस हमलावर को काट लिया और उसके पैरों को खींचकर महिला से दूर कर दिया। कुत्तों के इस अचानक और जोरदार हमले से युवक घबरा गया और अपनी जान बचाकर वहां से भागा, जबकि कुत्तों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया।
गौरतलब है कि इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर थुडियालूर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। लोग अब इन बेजुबान कुत्तों की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।