Feedback
कुछ ही वक्त पहले रवि किशन का एक मीम बड़ा वायरल हुआ था. जिसमें वो कह रहे हैं कि फिलहाल उन्होंने दुनिया को अपनी कला का केवल छोटा सा नमूना पेश किया है. अभी उन्हें लोगों को और पागल करना है. ये मीम उनके अभी के वक्त के साथ एकदम फिट बैठ चुका है. वो जिस हिसाब से एक के बाद एक तगड़े प्रोजेक्ट्स कर रहे हैं, सचमुच दुनिया को अपना दीवाना बनाने वाले हैं. इसकी एक झलक मिर्जापुर द मूवी में बखूबी देखने मिली.
मिर्जापुर में रवि किशन का जादू
अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, पंकज त्रिपाठी स्टारर मिर्जापुर द मूवी बीते दिन थिएटरों में रिलीज हुई. इस बार गद्दी की लड़ाई में एक नए बाहुबली बब्बन बबुआ यानी रवि किशन की एंट्री हुई. वो फिल्म के मेन विलेन थे, जिन्होंने अपने बाहुबल से इसमें पूरी जान डाली. उनका किरदार फिल्म में एक नया जोश और रोमांच लेकर आया, जिसे देखने में मजा भी काफी आया. रवि किशन ने मिर्जापुर द मूवी में जब एंट्री की थी, तब लगा था कि शायद मेकर्स उनकी पॉपुलैरिटी पर खेलने की कोशिश कर रहे हैं. उनके नाम से फैंस थिएटर में दौड़े चले आएंगे, और ऐसा हुआ भी है. फिल्म को देखने के दौरान कहानी से जैसे-जैसे पर्दा उठता गया, वैसे-वैसे समझ आने लगा कि आखिर क्यों बब्बन बबुआ में रवि किशन ही सही फिट बैठे. ऐसा लगा कि मानो उन्हें दिमाग में रखकर ये रोल लिखा गया था.
भोजपुरी स्टार की सबसे बड़ी खूबी आज के समय में उनका एक्सपीरियंस हैं. वो काफी समय से फिल्मों और टीवी में काम कर रहे हैं. उन्हें मालूम है कि कैसे सीन्स में सही एक्सप्रेशन डालने हैं. जब आप मिर्जापुर द मूवी में रवि किशन का काम देखते हैं, तब समझ आता है कि वो कितने शानदार एक्टर हैं. उन्होंने हर सीन के अंदर हर डायलॉग में हर तरह के एक्सप्रेशन दे डाले, जिससे सीन में इमोशन और भी गहरा होता गया.
क्लाइमैक्स में छाए ‘मीम किंग’
रवि किशन ने अपने किरदार को किसी भी पल कमजोर नहीं होने दिया. उन्होंने शुरुआत से लेकर अंत तक मिर्जापुर द मूवी में अपना भौकाल बनाए रखा. क्लाइमैक्स में तो वही पूरी लाइमलाइट लूटकर चले गए. वो अपने से छोटी उम्र के हीरो गुड्डू पंडित और मुन्ना भइया बने अली फजल और दिव्येंदु को अंत में ऐसे पटक रहे थे, जैसे ये काम उनके लिए बड़ा आसान था. इस रोल में उन्होंने अपना बाहुबल पूरे जोर-शोर से दिखाया, और ऑडियंस को मजा भी आ रहा था. उनके सीन्स पर सभी ने जमकर सीटीयां-तालियां बजाईं.
बात करें मिर्जापुर द मूवी की, तो इसे पुनीत कृष्णा ने लिखा है जिन्होंने इस शो को भी लिखा था. उनके साथ-साथ शो के डायरेक्टर रहे गुरमीत सिंह ने ही इस फिल्म को बनाया है. वहीं फरहान अख्तर इसके प्रोड्यूसर हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू