वित्तीय टाइम्स मास्टर्स इन मैनेजमेंट 2026 रैंकिंग में 14 भारतीय बिजनेस स्कूल दुनिया के शीर्ष 100 में शामिल हुए हैं, जिनमें आईआईएम बैंगलोर 21वें स्थान पर शीर्ष भारतीय संस्थान है।
FT MiM 2026 रैंकिंग में 14 भारतीय बिजनेस स्कूल
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय प्रबंधन शिक्षा ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। भारतीय बिजनेस स्कूल अब विश्व के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
सोमवार को घोषित फाइनेंसियल टाइम्स मास्टर्स इन मैनेजमेंट (एमआइएम) 2026 रैंकिंग में दुनिया के शीर्ष 100 में सात भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) सहित 14 भारतीय बिजनेस स्कूल शामिल हैं।
भारतीय शिक्षा जगत के लिए यह सिर्फ रैंकिंग नहीं, बल्कि भारत की प्रतिभा और विश्व मंच पर उसके बढ़ते प्रभाव की शानदार कहानी है। भारतीय संस्थानों में आईआईएम बैंगलोर की रैंकिंग सबसे अच्छी है। उसके बाद एसपी जैन इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (एसपीजेआइएमआर), मुंबई का स्थान है।
आईआईएम बैंगलोर सूची में 21वें स्थान पर है। 2025 में इसे 28वीं और 2024 में 41वीं रैंकिंग मिली थी। एसपीजेआइएमआर को दुनिया भर में 26वीं रैंक मिली है।
आईआईएम अहमदाबाद 27वें स्थान पर है। जेवियर स्कूल आफ मैनेजमेंट (एक्सएलआरआइ) ने 33वीं रैंक हासिल की, जबकि आईआईएम कलकत्ता को दुनियाभर में 39वां स्थान मिला।
आईआईएम बैंगलोर के डायरेक्टर-इन-चार्ज, यू. दिनेश कुमार ने कहा, यह रैंकिंग दुनियाभर में हमारे ग्रेजुएट्स के असर को दिखाती है।
अधिकारियों के अनुसार, फाइनेंसियल टाइम्स एमआइएम रैंकिंग अलग-अलग पैमानों के आधार पर बिजनेस स्कूलों का मूल्यांकन करती है, जिनमें ग्रेजुएशन के बाद करियर के अवसर, सैलरी में बढ़ोतरी, पैसे की सही कीमत, इंटरनेशनल एक्सपोजर से जुड़े प्रयास शामिल हैं।
इस रैंकिंग में दुनिया के शीर्ष बिज़नेस स्कूलों का मूल्यांकन 19 पैमानों के आधार पर करती है, जिसमें रैंकिंग में पूर्व छात्रों की राय का वेटेज 56 प्रतिशत और स्कूल के डाटा का वेटेज बाकी 44 प्रतिशत होता है।
वैश्विक स्तर पर स्विट्जरलैंड की यूनिवर्सिटी आफ सेंट गैलेन ने फाइनेंसियल टाइम्स मास्टर्स इन मैनेजमेंट 2026 रैंकिंग में शीर्ष स्थान बनाए रखा।
पुर्तगाल के नोवा स्कूल आफ बिजनेस एंड इकोनामिक्स ने दूसरी रैंक हासिल की, जबकि चीन की शंघाई जिआओ टोंग यूनिवर्सिटी के एंटाई कालेज आफ इकोनामिक्स एंड मैनेजमेंट को तीसरा स्थान मिला।