भारत में 12-13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले रूस ने भारत पर बड़ा भरोसा जताया है। रूस ने उम्मीद जताई है कि भारत इस मंच के जरिए समूह के सदस्यों ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच बने मतभेदों को दूर करने में कामयाब होगी। रूस की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच लगातार युद्ध जारी है और इसकी वजह से पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने यूएई में भी कई ठिकानों पर मिसाइलें बरसाई हैं। ऐसे में दोनों देशों को एक करना आसान काम नहीं होगा।
हालांकि रूस को उम्मीद है कि भारत इसमें कामयाब होगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी और क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले एक प्रेस ब्रीफिंग में यह बातें कही हैं। उन्होंने कहा है कि रूस को भारत की अध्यक्षता और अधिकारियों की क्षमता पर पूरा भरोसा है कि वे यूएई और ईरान के राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए भी एक साझा घोषणापत्र जारी करने के लिए तैयार कर लेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की बैठक बेनतीजा रही थी। मई में हुई ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान ईरान और UAE के बीच तीखी बहस हुई थी जिसके कारण कोई साझा बयान जारी नहीं हो सका था। भारत को अध्यक्ष के तौर पर एक बयान जारी करना पड़ा था। फिलहाल दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स के शेरपाओं की बैठक में दुनियाभर से जुटे अधिकारी घोषणापत्र में आम सहमति बनाने की कोशिश कर रहे है।
इस बीच ब्रिक्स समिट में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम नरेंद्र मोदी के मुलाकात पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं। दोनों नेताओं के बीच शिखर सम्मेलन से पहले 11 सितंबर को द्विपक्षीय बातचीत होगी। दिमित्री पेसकोव ने बताया कि यह बैठक परमाणु ऊर्जा, रक्षा उत्पादन और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-रूस सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित होगी। रूस ने यह संकेत भी दिया है कि वह भारत को अपनी कुछ सबसे उन्नत सैन्य तकनीकों तक पहुंच प्रदान करने के लिए तैयार है, जिसमें पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान एसयू-57 पर संभावित सहयोग भी शामिल है।
पेसकोव ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में भारतीय पत्रकारों से कहा, “हमारे पास बहुत अच्छे सैन्य उपकरण हैं। इनमें से कुछ उपकरण दुनिया में सबसे बेहतरीन हैं, और हम इन उपकरणों को अपने भारतीय साझेदारों के साथ साझा करने के लिए तैयार हैं।” गौरतलब है कि भारत के रूस के साथ पुराने रणनीतिक संबंध हैं। यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है, जब भारत रूस के साथ व्यापार को लेकर अमेरिका के बढ़ते दबाव को संभालने में जुटा है। दोनों देश यूक्रेन के साथ युद्ध की सजा के रूप में रूस पर लगाये गये वित्तीय प्रतिबंधों के बावजूद द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने के रास्ते भी तलाश रहे हैं।
पेस्कोव ने कहा है कि रूस भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहता है और दोनों देशों की रुपया-रूबल व्यापार व्यवस्था के जरिये जमा हुए रुपये के शेष भंडार को धीरे-धीरे कम कर रहा है, जिसका उपयोग भारत कच्चा तेल खरीदने के लिए करता है। पेसकोव ने रूस की नीति को ‘डी-डॉलराइजेशन’ के अभियान के रूप में पेश किये जाने को खारिज कर दिया और कहा कि रूस केवल ऐसे पेमेंट सिस्टम तलाश रहा है जो उसके राष्ट्रीय हितों को पूरा करते हों। उन्होंने कहा कि रूस अब ब्रिक्स देशों के साथ अपना लगभग 90 प्रतिशत व्यापार राष्ट्रीय मुद्राओं में ही करता है। पेस्कोव ने कहा, “हम किसी डी-डॉलराइजेशन नीति के पक्ष में नहीं हैं। हम केवल वही कर रहे हैं, जो हमारे राष्ट्रीय हितों के अधिक अनुकूल है।” इससे पहले ब्रिक्स सदस्य देश डॉलर-आधारित भुगतान के विकल्प तलाश रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डॉलर की अंतरराष्ट्रीय भूमिका को कमजोर करने की कोशिशों पर ब्रिक्स समूह को बार-बार चेतावनी भी दी है।
जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play