भाजपा एमएलसी परिणय फुके ने दावा किया है कि एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं।
भाजपा MLC परिणय फुके और रोहित पवार।
भाजपा एमएलसी फुके ने रोहित पवार के कांग्रेस में जाने का दावा किया।
रोहित पवार ने फुके पर भ्रष्टाचार व किसान उपेक्षा के आरोप लगाए।
गोंदिया में 1000 करोड़ के रोजगार गारंटी योजना घोटाले का आरोप।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में सियासी गर्माहट तेज है। ऐसे में जारी जुबानी जंग के बीच भाजपा के विधान परिषद सदस्य परिणय फुके का बड़ा दावा सामने आया है।
फुके का कहना है कि एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं। इस बयान के बाद सियासी पारा चढ़ गया है और रोहित पवार ने पलटवार करते हुए फुके पर भ्रष्टाचार छिपाने और किसानों की उपेक्षा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा एमएलसी परिणय फुके ने दावा किया था कि रोहित पवार के एनसीपी (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के साथ रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उनके विरोध में हैं।
फुके के मुताबिक, इसी वजह से रोहित पवार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पाटोले को खुश करने के लिए भंडारा-गोंदिया के दौरे पर गए थे और वे कांग्रेस में जाने का मन बना रहे हैं।
इन दावों पर भड़के कर्जत-जामखेड़ से एनसीपी (SP) विधायक रोहित पवार ने भाजपा नेता को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे उनकी चिंता छोड़कर किसानों के मुद्दों पर ध्यान दें। पवार ने कहा कि पारिवारिक या राजनीतिक अटकलें लगाने के बजाय सरकार आपकी है, इसलिए जनता के असली मुद्दों पर बात कीजिए।
पवार ने आरोप लगाया कि फुके मुख्यमंत्री के करीब होने का फायदा उठाकर विरोधियों पर कार्रवाई करवाते हैं और अपनी पार्टी के लोगों को बचाते हैं। उन्होंने मांग की कि छत्तीसगढ़ की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी धान की खरीद 3500 रुपये प्रति क्विंटल की जानी चाहिए और किसानों को वादा किया गया बोनस व कर्ज माफी का लाभ मिलना चाहिए।
इतना ही नहीं गोंदिया जिले की देवरी तहसील में रोजगार गारंटी योजना (EGS) में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पवार ने कहा कि कागजों पर 12 करोड़ रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है और जांच होने पर यह घोटाला 1,000 करोड़ तक पहुंच सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना का सामान एक स्थानीय बीजेपी पदाधिकारी की दुकान से खरीदा गया है।