जमुई की लक्ष्मी भार्गव ने मॉडलिंग की दुनिया में एक और उपलब्धि हासिल की है। जिला मुख्यालय के हरनाहा निवासी उमाकांत सिंह और विभा देवी की बेटी लक्ष्मी ने बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया है। उन
यह प्रतियोगिता गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईकेए एरिना में हुई थी। ग्रैंड फिनाले में देश के कई राज्यों से आई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लक्ष्मी ने अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा से निर्णायकों को प्रभावित किया और विजेता बनीं।
खिताब जीतने के साथ ही अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। लक्ष्मी साल 2027 में बोलीविया जाएंगी, जहां वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मेहनत के बल पर बनाई पहचान
मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने बधाई संदेश में कहा कि लक्ष्मी ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी सफलता जमुई जिले के साथ-साथ पूरे बिहार और देश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और महिला के तौर पर उन्हें लक्ष्मी की सफलता पर बहुत खुशी और गर्व है। उनकी यह उपलब्धि बेटियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को दिखाती है।
श्रेयसी सिंह ने लक्ष्मी के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी और देश, समाज तथा अपने क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी। खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी ने कहा कि यह जीत उनके लिए बहुत खास है। इस सफर में उन्हें परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का लगातार साथ मिला।
उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की संस्कृति, आत्मविश्वास और मजबूती को दुनिया के सामने लाना है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीता था बेस्ट स्माइल अवार्ड
लक्ष्मी का मॉडलिंग का सफर चुनौतियों से भरा रहा है। सामाजिक सोच और आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत जारी रखी। उन्होंने साल 2021 में पटना की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेस्ट स्माइल अवार्ड जीता था। इसके बाद फरवरी 2022 में उन्होंने मिस बेतिया का खिताब भी अपने नाम किया।
इसी वर्ष वह मिस टीन इंडिया सुपरमॉडल बनीं। वर्ष 2025 में मिस फेस ऑफ इंडिया का खिताब हासिल किया और मिस साउथ एशिया यूनिवर्स में सेकंड रनर अप रहीं। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी है। उनकी सफलता से जमुई में खुशी का माहौल है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.