बलरामपुर पुलिस और एसएसबी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर मंगलवार को सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की।
इस दौरान टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों, सीमावर्ती गांवों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर सुरक्षा का जायजा लिया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की गई।
टीम ने अवैध तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव और गौ तस्करी, अवैध कटान, अवैध खनन और घुसपैठ जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए खास सतर्कता बरती।
गश्त के दौरान पुलिस और एसएसबी जवानों ने ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस के अनुसार, सीमा पर सुरक्षा और निगरानी का यह संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.