Yuvraj Singh
Date: 21-09-26 17:56
MEA Internship 2026: विदेश मंत्रालय (MEA) में इंटर्नशिप करने का मौका तलाश रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. मंत्रालय के 2026 टर्म-2 इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इस प्रोग्राम के तहत चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 10,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. आधिकारिक MEA इंटर्नशिप पोर्टल के अनुसार, यह इंटर्नशिप अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक के टर्म में आयोजित की जाएगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
MEA के इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन कर चुके उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे वे छात्र भी पात्र हैं, जिनके पाठ्यक्रम में इंटर्नशिप अनिवार्य है. उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है और 31 दिसंबर 2026 तक उम्र 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. आवेदन ऑनलाइन MEA के आधिकारिक इंटर्नशिप पोर्टल के जरिए किया जाता है.
दो चरणों में होगा चयन
इंटर्नशिप के लिए उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा. इसमें पहले प्रारंभिक स्क्रीनिंग होगी और इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यक्तिगत इंटरव्यू लिया जाएगा. आधिकारिक नीति के अनुसार प्रत्येक टर्म में अधिकतम 30 इंटर्न लिए जाते हैं. राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए तय कोटा के तहत चयन किया जाता है और कम से कम 30 प्रतिशत स्थान महिला उम्मीदवारों से भरे जा सकते हैं.
हर महीने 10 हजार रुपये और हवाई यात्रा का खर्च
चयनित इंटर्न को हर महीने 10,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा. इसके अलावा मंत्रालय एक बार आने-जाने के इकोनॉमी क्लास हवाई किराए का खर्च भी तय सीमा तक वहन करता है. हालांकि, दिल्ली में इंटर्नशिप के दौरान रहने और खाने का खर्च उम्मीदवारों को खुद उठाना होगा. इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को विदेश नीति के निर्माण और उसके क्रियान्वयन से जुड़े कामों की जानकारी देने के साथ रिसर्च, रिपोर्ट तैयार करने और संबंधित विषयों के विश्लेषण जैसे कार्य सौंपे जा सकते हैं.
इन राज्यों और UT के उम्मीदवारों को मौका
MEA की आधिकारिक नीति के मुताबिक अक्टूबर-मार्च वाले टर्म में मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के उम्मीदवारों पर विचार किया जाता है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप और पुडुचेरी भी इस टर्म के लिए शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो ध्यान दें, इस हफ्ते 41 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती, जानें पूरी जानकारी
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें