‘पहले माफियाओं का शासन था…’, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से गरजे अमित शाह – Bharat24live

Rashmi Singh
Date: 25-09-26 14:18
UP International Trade Show 2026: उत्तर प्रदेश के उत्पादों और यहां के कारोबार को वैश्विक बाजार से जोड़ने की कोशिशों के बीच ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार से चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) की शुरुआत हो गई. इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया. ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा और इसमें प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों से लेकर आधुनिक तकनीक, कृषि, एमएसएमई, ऑटोमोबाइल, डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक्स तक कई क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जा रहा है.
योगी सरकार बनने के बाद सपा, बसपा के समय की पूरी गुंडागर्दी को भाजपा सरकार ने नेस्तनाबूद कर दिया है और इसी के कारण यहां पर बहुत अच्छा माहौल इंडस्ट्री लगाने के लिए देश और दुनिया के उद्यमियों के बीच में आया है: माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी pic.twitter.com/FZPFm7mxxW
2,400 से ज्यादा प्रदर्शक, 550 से अधिक विदेशी खरीदार
इस साल का यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पहले के मुकाबले बड़े अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है. आयोजकों के मुताबिक, इसमें 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के साथ 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है. ये खरीदार 85 देशों से आने वाले हैं. आयोजन का मकसद उत्तर प्रदेश के निर्माताओं, एमएसएमई, निर्यातकों, कारीगरों और नए उद्यमों को घरेलू और विदेशी बाजारों से सीधे जोड़ना है.
अमित शाह ने कानून-व्यवस्था और निवेश का किया जिक्र
उद्घाटन समारोह में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल को लेकर राज्य सरकार के दावों और बदलावों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि निवेश के लिए कानून-व्यवस्था अहम आधार है और 2017 के बाद राज्य में माफिया के खिलाफ कार्रवाई तथा कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
अमित शाह ने अपने संबोधन में पुराने निवेश सम्मेलनों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले ऐसी स्थिति थी कि निवेश से जुड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ के बजाय दिल्ली को चुना गया, जबकि अब ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का ट्रेड शो आयोजित हो रहा है. उनके मुताबिक, यह बदलाव उत्तर प्रदेश के कारोबारी माहौल में आए परिवर्तन को दिखाता है.
‘मेक इन इंडिया’ से यूपी के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर
अमित शाह ने केंद्र सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का उल्लेख करते हुए विनिर्माण और निर्यात के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका की बात कही. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरे क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ने का जिक्र किया और कहा कि उत्तर प्रदेश भी इस बदलाव में अपनी भूमिका निभा रहा है.
उन्होंने उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर का भी उल्लेख किया और राज्य में रक्षा उत्पादन से जुड़ी संभावनाओं पर बात की. ट्रेड शो में डिफेंस के साथ इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरे आधुनिक क्षेत्रों के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं.
 यूपी से करीब 2 लाख करोड़ का निर्यात- CM योगी 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश से करीब 2 लाख करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात हो रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य के उत्पादों की गुणवत्ता और उद्यमियों की विश्वसनीयता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है. योगी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित हुआ है. इस बार भी पारंपरिक उत्पादों के साथ नए जमाने की तकनीक और आधुनिक उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने रखने पर जोर है.
परंपरा और तकनीक को बाजार से जोड़ने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की असली ताकत उसके पारंपरिक हुनर, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता में है. उन्होंने ट्रेड शो को परंपरा और तकनीक, विरासत और इनोवेशन तथा हुनर और बाजार को एक साथ लाने वाला मंच बताया. इस बार आयोजन में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ यानी ODOP के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ यानी ODOC को भी प्रमुखता दी जा रही है. इसके जरिए अलग-अलग जिलों की पहचान वाले उत्पादों और पारंपरिक खान-पान को बड़े बाजार तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
79 उत्पादों को GI टैग, 75 के लिए आवेदन
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 79 एमएसएमई उत्पादों को GI टैग मिल चुका है, जबकि 75 अन्य उत्पादों के लिए आवेदन किए गए हैं. भदोही के कालीन, मुरादाबाद का पीतल, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की सिल्क जैसे उत्पाद प्रदेश की पारंपरिक पहचान का हिस्सा हैं. सरकार की ओर से ODOP, पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के जरिए कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. ट्रेड शो को इसी प्रयास को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने के एक बड़े मंच के तौर पर देखा जा रहा है
ये भी पढ़ें- UP News: बुजुर्गों के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, अब हर हफ्ते वृद्धाश्रम में पहुंचेंगे डॉक्टर
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News