Feedback
आज शाम की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 25 जनवरी 2025 की खबरें और समाचार: खबरों के लिहाज से शनिवार का दिन काफी अहम रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी के संकल्प पत्र का पार्ट-3 जारी किया.अभिनेत्री ममता कुलकर्णी विधि-विधान से संन्यास दीक्षा के बाद किन्नर अखाड़ा में शामिल हो गई हैं. श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे योशिया राजपक्षे को पुलिस ने शनिवार को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर किया है. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्वांचली वोटरों को टारगेट करने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है.
दिल्ली चुनाव के लिए BJP का संकल्प पत्र पार्ट-3 जारी, अमित शाह बोले- झूठे वादे करते हैं केजरीवाल
दिल्ली चुनाव में कुछ ही समय बचा है, ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी का सियासी पारा हाई है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी के संकल्प पत्र का पार्ट-3 जारी किया. इस दौरान उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और कहा कि केजरीवाल जो वादे करते हैं, वो पूरे नहीं करते. उन्होंने कहा कि दिल्ली में गरीब कल्याण की एक भी योजना बंद नहीं होगी.
हमास की कैद से रिहा हुईं चार और इजरायली बंधक, महिला सैनिकों की हुई वतन वापसी
इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौते के बाद बंधकों की रिहाई शुरू हो गई है. हमास ने शनिवार को इजरायल की चार महिला सैनिकों को रिहा कर दिया. इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार 25 जनवरी को इसकी घोषणा की. इजरायली सरकार ने बताया कि आईडीएफ की चार महिला सैनिकों की वापसी हो गई है. उनके परिवारों को संबंधित अधिकारियों ने सूचित कर दिया है कि अब वे हमारे सैनिकों के साथ हैं. इजरायल सरकार सभी बंधकों और लापता लोगों की वापसी के लिए प्रतिबद्ध है.
‘2 साल की तपस्या से बनीं महामंडलेश्वर, अब मुझे फिल्मों में नहीं लौटना…’, ममता कुलकर्णी ने बताया फ्यूचर प्लान
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी विधि-विधान से संन्यास दीक्षा के बाद किन्नर अखाड़ा में शामिल हो गई हैं. उनका पट्टाभिषेक होने के बाद किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने इसकी घोषणा की. उन्होंने कहा कि ममता किन्नर अखाड़े से जुड़ गईं. उनका नाम महामंडलेश्वर महामंडलेश्वर यमाई ममतानंद गिरि रखा गया. पिछले दो ढाई साल से ये हमारे साथ रही हैं. हमारा पूरा अखाड़ा इन्हें जोड़ने के फैसले में साथ था.
श्रीलंका: पूर्व राष्ट्रपति राजपक्षे के बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, संपत्ति खरीद में भ्रष्टाचार से जुड़ा है मामला
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे योशिया राजपक्षे को पुलिस ने शनिवार को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर किया है. पुलिस ने उन्होंने साल 2015 से पहले अपने पिता के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान संपत्ति की खरीद मामले में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया है. इसी मामले में पहले उनके चाचा और पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से भी पिछले हफ्ते पुलिस ने इसी मामले में पूछताछ की थी.
दिल्ली चुनाव: AAP का पूर्वांचल के वोटरों पर फोकस, बनाई 7 टीमों की टास्क फोर्स
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्वांचली वोटरों को टारगेट करने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है. इस टास्क फोर्स का नेतृत्व आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, AAP ने पूर्वांचली वोटरों को टारगेट करने के उद्देश्य से लोकसभा क्षेत्रवार 7 टीमें बनाई हैं. ये टीमें अपने-अपने क्षेत्र में पूर्वांचल के वोटरों पर फोकस कर रही है. AAP के सूत्र बताते हैं कि ये टीमें डोर टू डोर कैंपेन, पैम्फलेट और वीडियो के जरिए शहजाद पूनावाला समेत बीजेपी नेताओं के विवादित बयानों को दिखाकर पूर्वांचलियों की भावनाओं का फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू