भारत-नेपाल सीमा के मैत्री पुल पर एसएसबी और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है।
सुरक्षा बलों ने नेपाल से भारत की ओर आ रही एक इनोवा कार से करीब 90 किलो गांजा बरामद किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वैशाली जिले के महुआ निवासी शनि कुमार के रूप में हुई है।
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से चार पहिया वाहन के जरिए गांजा की बड़ी खेप भारत लाई जाने वाली है।
विशेष तरीके से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला
सूचना के आधार पर एसएसबी और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मैत्री पुल के पास जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक इनोवा कार को रोककर जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, कार में उस समय सिर्फ चालक शनि कुमार ही मौजूद था। वाहन में किसी अन्य व्यक्ति के नहीं होने और कार की बनावट को लेकर सुरक्षाबलों को संदेह हुआ।
इसके बाद कार की गहनता से तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान जांच टीम को कार के डैशबोर्ड में विशेष तरीके से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला।
गिरफ्तार आरोपी को हरैया थाना लाकर पूछताछ
डैशबोर्ड के हिस्से को हटाकर जांच करने पर उसमें गांजा भरा मिला। इसके बाद सुरक्षाबलों ने वाहन के अन्य हिस्सों की भी बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान कार में कई अन्य गुप्त तहखाने बनाए जाने की जानकारी सामने आई। इन स्थानों से भी गांजा बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरी कार्रवाई में करीब 90 किलो गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजा और इनोवा कार को जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को हरैया थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप नेपाल में कहां से लाई गई थी और इसे भारत में कहां पहुंचाया जाना था।
साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.