Rashmi Singh
Date: 07-10-26 14:30
Maa Durga Mantra: शारदीय नवरात्रि मां दुर्गा की उपासना का सबसे पावन पर्व माना जाता है. इस दौरान भक्त मां के नौ स्वरूपों की पूजा कर सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं. वर्ष 2026 में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर, रविवार से होगी. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि में राशि के अनुसार मां दुर्गा को भोग अर्पित करने और विशेष मंत्र का जाप करने से साधक को शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं.
ज्योतिषीय मान्यताओं में हर राशि का संबंध अलग-अलग ग्रहों से माना गया है. इसी आधार पर देवी को चढ़ाए जाने वाले भोग और मंत्र भी अलग बताए जाते हैं. ऐसे में अगर आप भी इस नवरात्रि मां दुर्गा की विशेष कृपा पाना चाहते हैं, तो अपनी राशि के अनुसार भोग और मंत्र जान सकते हैं.
मेष से सिंह राशि तक क्या चढ़ाएं और कौन सा मंत्र जपें?
मेष राशि: मेष राशि के जातक नवरात्रि में मां दुर्गा को लाल फूल, खासकर गुड़हल या गुलाब अर्पित कर सकते हैं. भोग में बेसन के लड्डू या हलवा चढ़ाना शुभ माना जाता है. पूजा के दौरान “ॐ ऐं क्रीं क्लीं महादुर्गादेव्यै नमः” मंत्र का जाप करें.
वृषभ राशि: वृषभ राशि वाले मां को सफेद मिठाई, रसगुल्ला, मिश्री-माखन और सुगंधित इत्र अर्पित कर सकते हैं. देवी की आराधना करते समय “ॐ श्रीं क्लीं महालक्ष्मी नमः” मंत्र का जाप करें.
मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातक हरी इलायची, केतकी के फूल या केले का भोग अर्पित करें. पूजा के दौरान “ॐ गं गणपतये नमः” और “ॐ ऐं नमः” मंत्र का जाप किया जा सकता है.
कर्क राशि: कर्क राशि वालों के लिए दूध और चावल से बनी खीर, मखाना और सफेद फूल अर्पित करना शुभ माना गया है. इस राशि के जातक “ॐ दुं दुर्गायै नमः” मंत्र का जाप करें.
सिंह राशि: सिंह राशि के लोग मां दुर्गा को केसर वाली खीर, अनार और गुड़ का भोग लगा सकते हैं. पूजा के समय “ॐ ह्रीं श्रीं दुं दुर्गायै नमः” मंत्र का जाप करें.
कन्या से मीन राशि तक देवी को क्या अर्पित करें?
कन्या राशि: कन्या राशि के जातक हरी सब्जियां, फल, इलायची और मालपुआ देवी को अर्पित कर सकते हैं. इस दौरान “ॐ ऐं श्रीं क्लीं कमलवासिन्यै नमः” मंत्र का जाप करें.
तुला राशि: तुला राशि वाले पंचामृत, सफेद मिठाई और मालती के फूल मां दुर्गा को अर्पित कर सकते हैं. पूजा के दौरान “ॐ महालक्ष्मी नमः” मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है.
वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के जातक लाल रंग की मिठाई, गुड़ या अनार का भोग लगा सकते हैं. देवी की आराधना करते हुए “ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः” मंत्र का जाप करें.
धनु राशि: धनु राशि वाले पीली मिठाई, बेसन की मिठाई, केसरिया भात और पीले फूल अर्पित कर सकते हैं. पूजा के दौरान “ॐ ऐं क्लीं सौंः दुर्गायै नमः” मंत्र का जाप करें.
मकर राशि: मकर राशि के जातक मां दुर्गा को नारियल, उड़द की दाल का हलवा या तिल अर्पित करें. इस राशि के लिए “ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे” मंत्र का जाप बताया गया है.
कुंभ राशि: कुंभ राशि वाले हलवा-पूरी, नीले फूल या तिल से बनी मिठाई देवी को चढ़ा सकते हैं. पूजा के दौरान “ॐ ऐं ह्रीं क्लीं नमः” मंत्र का जाप करें.
मीन राशि: मीन राशि के जातक केले, चने की दाल-गुड़ या केसरयुक्त दूध का भोग लगा सकते हैं. मां दुर्गा की आराधना करते हुए “ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं दुर्गादेव्यै नमः” मंत्र का जाप करें.
पूजा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि में पूजा-पाठ के दौरान मन की शुद्धता, श्रद्धा और सात्विकता का विशेष महत्व होता है. राशि के अनुसार बताए गए भोग को श्रद्धा के साथ मां दुर्गा को अर्पित करें और मंत्र का जाप करते समय उच्चारण का विशेष ध्यान रखें.
पूजा में सात्विक वस्तुओं का ही इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. नवरात्रि के दौरान तामसिक भोजन और नकारात्मक विचारों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देवी की आराधना पूरी श्रद्धा और नियम-संयम के साथ करें.
ये भी पढ़ें- मां दुर्गा की पूजा में क्यों खास है दुर्गा सप्तशती का पाठ? नवरात्रि में पढ़ने से मिलते हैं ये लाभ, जानें महत्व
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें