भारत के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को 2 खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। इनमें मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स शामिल हैं। दोनों को सीरीज से बाहर कर दिया गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने शुक्रवार को बताया कि चैपमैन की बाईं हैमस्ट्रिंग और फाउल्क्स के दाएं हिप फ्लेक्सर में चोट लगी है। ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को टीम में शामिल किया है। टी-20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी।
चैपमैन यूरोपियन लीग, फाउल्क्स ट्रेनिंग में चोटिल
मार्क चैपमैन को यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन में खेलते समय बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी। हालांकि, पांच मैचों की ODI सीरीज में उनकी वापसी की उम्मीद है।
जैक फाउल्क्स को कैंटरबरी के साथ ट्रेनिंग सेशन के दौरान दाएं हिप फ्लेक्सर में चोट लगी। उनकी वापसी का समय अभी तय नहीं है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अभी यह नहीं बताया है कि फाउल्क्स कब तक वापसी करेंगे।
कोच ने कहा- दोनों के बाहर होने का दुख
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने भारत के खिलाफ चुनौतीपूर्ण सीरीज से पहले जोश क्लार्कसन और ब्लेयर टिकनर की वापसी पर खुशी जताई। वाल्टर ने कहा, ‘मार्क और जैक के लिए मुझे बहुत दुख है। मैं दोनों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।’
उन्होंने कहा, ‘हम खुशकिस्मत हैं कि जोश और ब्लेयर के अनुभव का फायदा उठा सकते हैं। मुझे पता है कि दोनों उस सीरीज का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं, जो शानदार T20 सीरीज बनने वाली है।’
वर्ल्ड कप फाइनल के बाद आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी। दोनों टीमें इस साल की शुरुआत में हुए T20 वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद फिर आमने-सामने होंगी।
उस फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। भारतीय टीम आगामी दौरे में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगी। न्यूजीलैंड की कप्तानी मिशेल सैंटनर करेंगे।
भारत के खिलाफ T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम
मिशेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्न, डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर।
————————————————
क्रिकेट की यह खबर भी पढ़िए…
रबाडा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर; नॉर्त्या की 2023 के बाद वापसी
साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग-11 घोषित कर दी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शुक्रवार से डरबन में खेला जाएगा। तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना सके। पढ़ें पूरी खबर
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.