भास्कर न्यूज | लुधियाना
पंजाब में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (आप) के मजबूत गढ़ माने जाने वाले हलका पूर्वी में अपनी ही सरकार की नगर निगम अफसरशाही के खिलाफ कचरे की समस्या लेकर मोर्चा खोल दिया है। हलका पूर्वी से आप के विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल हैं और इसी क्षेत्र से नगर निगम की मेयर इंदरजीत कौर भी आती हैं।
इसके बावजूद अपने ही हलके में निगम अफसरशाही के रवैये से तंग आकर आप वार्ड-19 की पार्षद निधि गुप्ता ने मोर्चा खोल दिया है। पार्षद ने कहा जब किसी चीज की अति हो जाती है, तो इंसान को दूसरा रास्ता अपनाना ही पड़ता है और मैंने भी वही रास्ता चुन लिया है।
पार्षद निधि गुप्ता ने नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार और जोन-बी के जोनल कमिश्नर नीरज जैन की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल खड़े करते हुए कहा कि वे जोन-बी दफ्तर के चक्कर काट-काटकर थक चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
वार्ड नंबर 19 स्थित एवरेस्ट स्कूल के ठीक सामने खड़े होकर पार्षद ने जमीनी हकीकत उजागर की। उन्होंने बताया कि स्कूल के सामने कचरे का विशाल ओपन डंप बन चुका है, जिससे बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है और इलाके की सुंदरता पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।
पार्षद ने याद दिलाया कि गत 23 जून को निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने इस इलाके का दौरा किया था और उन्हें यह जगह दिखाई गई थी। लेकिन सुधार की जगह, कमिश्नर के दौरे के बाद यहां कचरा 10 गुना ज्यादा बढ़ चुका है।
इस समय एवरेस्ट स्कूल के ठीक सामने, सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल के सामने, श्री राम दरबार मंदिर के सामने, एनआरआई थाने के सामने, इंदिरा पुरी गवर्नमेंट स्कूल के पास खाली प्लॉट समेत पूरे इलाके में हर 500-700 मीटर पर ओपन कचरा डंप बन चुका है।
पार्षद निधि गुप्ता ने चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर (सीएसआई) निशु घई का नाम लेकर आरोप लगाया कि अफसरों की लापरवाही से हालात बदतर हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे वार्डों का कचरा जानबूझकर उनके वार्ड में डंप करवाया जाता है। इसे कमाई का जरिया बना लिया गया है। पहले कचरा फिंकवाया जाता है, फिर गाड़ियां भरवाकर मुख्य डंप पर भेजने के नाम पर पैसे वसूले जाते हैं।
पार्षद ने सफाई कर्मचारियों की भारी कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके वार्ड की 17 बीटें खाली पड़ी हैं। सीएसआई की तरफ से उनसे साइन करवाकर फाइल ओके हुए डेढ़ साल बीत चुका है, लेकिन आज तक 17 सफाई कर्मचारी उनके वार्ड में नहीं पहुंचे। पार्षद ने यह भी खुलासा किया कि सीएसआई दफ्तर में 8 कर्मचारी सिर्फ पानी पिलाने के लिए रखे गए हैं।
पार्षद निधि गुप्ता ने हेल्थ ब्रांच के इंचार्ज एवं नोडल अफसर विपुल मल्होत्रा पर फॉगिंग शेड्यूल में पक्षपात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शहर में फॉगिंग को लेकर पिक एंड चूज की नीति अपनाई जा रही है। किसी वार्ड में केवल एक दिन फॉगिंग करवाई जाती है, जबकि किसी वार्ड में लगातार 9 दिन तक फॉगिंग का शेड्यूल बनाया जा रहा है।
उन्होंने निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से फॉगिंग होनी चाहिए, ताकि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों पर रोक लगाई जा सके। पार्षद ने कहा कि जनता ने उन्हें वोट देकर वार्ड की जिम्मेदारी सौंपी है। विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन वार्ड को साफ-सुथरा रखना और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने निगम अधिकारियों से सफाई और फॉगिंग व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। ^ये मामला मेरे ध्यान में आया है, इलाके में जो भी समस्याएं आ रही हैं, उसे ठीक करवाया जाएगा। जिम्मेदार अधिकारियों पर बनती कार्रवाई की जाएगी।-ओजस्वी अलंकार, निगम कमिश्नर लुधियाना
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.