भास्कर न्यूज|केवटी
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पचाढ़ी में हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ दैनिक कार्यालयी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने वाले कार्यालय एवं गैर-शैक्षणिक संवर्ग के कर्मियों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को पदक, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति और संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय अस्मिता और जन-जन की भावनाओं को एक सूत्र में पिरोने वाली भाषा है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि हिंदी को केवल प्रतियोगिताओं और औपचारिक आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि दैनिक जीवन, शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन और प्रशासनिक कार्यों में भी सहजता से इसका प्रयोग करें। हिंदी पखवाड़ा के दौरान विद्यार्थियों के साथ कार्यालयीन संवर्ग के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, विद्यार्थी वर्ग के लिए सुलेख, कविता लेखन, काव्य-पाठ, भाषण, लघुकथा, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी शिक्षक डॉ. हेमनाथ झा और प्रतियोगिता संयोजक चितरंजन चौधरी के नेतृत्व में किया गया। सीसीए प्रभारी बिजय कुमार ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया। प्रतियोगिताओं के संचालन, मूल्यांकन और कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक शशिकान्त सिंह, अनुपम चंद्र, गणेश प्रसाद, अनूप बाजपेई, मो. सैफ अंसारी, अनुपमा, अनुराधा भारती और शेफाली रंजन सहित सभी सदन प्रभारियों एवं शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। डॉ. हेमनाथ झा ने आभार व्यक्त किया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.