खाड़ी के समुद्री रास्तों पर मंडराया खतरा, सऊदी अरब के पास तेल टैंकर पर हमला, 2 भारतीय अब भी लापता – Bharat24live

Shreeom Singh
Date: 17-10-26 13:58
Hormuz Ship Attack: पश्चिम एशिया के समुद्री रास्तों पर तेल टैंकरों और दूसरे जहाजों पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. शुक्रवार को सऊदी अरब के अल जुबैल इलाके से करीब 68 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक तेल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. ब्रिटेन के समुद्री निगरानी संगठन UKMTO ने इसकी जानकारी दी. रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और उन्हें वहां से निकाल लिया गया है. घटना के बाद समुद्र में प्रदूषण की भी कोई खबर नहीं मिली. इस बीच, ओमान के पास पहले हुए एक हमले में लापता दो भारतीय नाविकों की तलाश अब भी जारी है.
होर्मुज से रोमानिया तक जहाजों पर हमले
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को बताया कि हाल में दो अलग-अलग घटनाओं में भारतीय नाविकों वाले जहाजों को निशाना बनाया गया. 16 अक्टूबर को कच्चा तेल ले जा रहे टैंकर MT ST 3 पर होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था. इस जहाज पर 15 भारतीय नाविक सवार थे.
वहीं, 14 अक्टूबर को केमिकल टैंकर YARA J पर रोमानिया के सुलिना एंकरेज के पास ड्रोन से हमला किया गया. इस जहाज पर नौ भारतीय नाविक मौजूद थे. सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि दोनों जहाजों पर सवार सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है. भारतीय अधिकारी जहाजों का संचालन करने वाली कंपनियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
ओमान के पास हमले के बाद दो भारतीय नाविक लापता
इससे पहले 11 अक्टूबर को ओमान के सोहार एंकरेज के पास निकारागुआ के झंडे वाले तेल टैंकर MT पेट्रो डॉल्फिन पर ड्रोन से हमला हुआ था. जहाज पर 11 भारतीय नाविक सवार थे. इनमें से नौ को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो भारतीय नाविक अब भी लापता हैं.
मंत्री के मुताबिक, स्थानीय तटरक्षक बल लापता नाविकों की तलाश कर रहा है. भारतीय अधिकारी भी संबंधित एजेंसियों और ओमान में भारतीय दूतावास के साथ मिलकर बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं.
होर्मुज में दूसरे टैंकर पर भी हुआ हमला
11 अक्टूबर को ही मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले टैंकर M/T Valthera को होर्मुज जलडमरूमध्य में अज्ञात प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया था. हमले के बाद जहाज में आग लग गई. हालांकि, इस टैंकर पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए.
शारजाह के पास भी ड्रोन से बनाया गया निशाना
9 अक्टूबर को पनामा के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर MT GEM NO.2 पर शारजाह एंकरेज के पास ड्रोन से हमला किए जाने की खबर सामने आई थी. जहाज पर 22 भारतीय नागरिक सवार थे. मंत्री ने बताया था कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं.
खाड़ी क्षेत्र और दूसरे समुद्री रास्तों पर लगातार हो रही इन घटनाओं ने जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अहम समुद्री रास्ते पर हमलों से तेल की आवाजाही और वहां काम कर रहे नाविकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News