इमेज स्रोत, ANI
राजस्थान की कोटा पुलिस ने दावा किया है कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर रविवार को हुए हमले के सिलसिले में तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है.
कोटा से बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मोहर सिंह मीणा ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को जल्द ही मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा, जो उनसे विस्तार से पूछताछ करेगी.
राजस्थान पुलिस के मुताबिक़, इनमें से एक अभियुक्त का अनिल पंडित नाम के एक शख़्स से कनेक्शन होने का पता चला है.
अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित बताया जा रहा है. पुलिस को अभी तक अभियुक्तों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है.
पुलिस के मुताबिक इन अभियुक्तों में एक नाबालिग भी है. दो अभियुक्त सोनीपत के हैं.
कोटा सिटी पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बारे में जानकारी दी.
तेजस्विनी गौतम ने बताया, "मुंबई के डीसीपी क्राइम से सोमवार सुबह हमें सूचना मिली कि टाइगर श्रॉफ़ पर फायरिंग करने वाले तीनों अभियुक्त ट्रेन से सफ़र कर रहे हैं और कुछ देर में कोटा पहुंचने वाले हैं."
तेजस्विनी गौतम ने कहा, "कोटा पुलिस की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज़ 15 मिनट में ट्रेन से तीनों को पकड़ा है. मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच चुकी है और तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा."
समाप्त
उन्होंने कहा, "अभियुक्त रेहान अंसारी सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला है. ऋतिक बेगूसराय, बिहार का रहने वाला है और कुछ सालों से मुंबई में रहता है. इनके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है."
इमेज स्रोत, ANI
एसपी तेजस्विनी गौतम ने मीडिया को बताया, "पुणे से जयपुर के बीच चलने वाली एक ट्रेन के सामान्य कोच में ये अभियुक्त सवार थे."
उन्होंने आगे बताया, "हमला करने के तुरंत बाद ये वहां से जयपुर के लिए ट्रेन में बैठे थे. जयपुर से बस के ज़रिए दिल्ली और दिल्ली से नेपाल भागने का प्लान था."
पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्तों ने शुरुआती पूछताछ में बताया है, "अनिल पंडित लॉरेंस गैंग का आदमी है. उसके संपर्क में रेहान आया था. रेहान ने सोनीपत के एक नाबालिग को अपने साथ लिया और इन्होंने मुंबई जाकर इस हमले को अंजाम दिया है."
समाप्त
देश – दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.
एपिसोड
समाप्त
मुंबई पुलिस ने सोमवार शाम प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर घटना के बाद की गई पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी. मुंबई पुलिस के उपायुक्त राजतिलक रोशन ने बताया कि इस मामले में जुहू पुलिस थाने में एफ़आईआर नंबर 1790/2026 दर्ज की गई है. इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) और शस्त्र अधिनियम 1959 की धारा 3, 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
उन्होंने कहा, "कल शाम क़रीब 7 बजे एक लोकप्रिय अभिनेता की गाड़ी पर गोलीबारी हुई. तीन लोग बाइक पर आए थे. इनमें से दो ने गोलीबारी की और इसके बाद तीनों वहां से भाग गए. इस मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच ने क़रीब 20 विशेष टीमें बनाई थीं. घटनास्थल की जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास बाइक का पता लगाया गया."
"सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी विश्लेषण की मदद से यह पता लगाया गया कि अभियुक्त किस रास्ते से गए थे. पता चला कि अभियुक्त उत्तर मुंबई की तरफ़ गए और उसके बाद सूरत के लिए रवाना हुए. जानकारी मिली कि अभियुक्त पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से सफ़र कर रहे थे. वे ट्रेन के किस डिब्बे में थे, इसका पता लगाकर कोटा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. कोटा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद हमने उन्हें हिरासत में ले लिया. उन्हें मुंबई लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है."
पुलिस के मुताबिक़, तीनों अभियुक्तों में से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है.
शुरुआत में हत्या की कोशिश और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसी के मुताबिक़ आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले में कुछ और लोगों को गिरफ़्तार किया जा सकता है.
इस बीच, पुलिस ने बिश्नोई गैंग से किसी तरह के कनेक्शन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. पुलिस ने यह भी कहा कि बिश्नोई गैंग के सदस्यों को हिरासत में लेने के लिए पहले से ही नियमों के मुताबिक़ कार्रवाई की जा रही है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "टाइगर श्रॉफ़ मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है. गोलीबारी के बाद ये तीनों मुंबई से भाग गए थे. सूरत से उन्होंने जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ी. जब वे जयपुर की ओर जा रहे थे, तब मुंबई पुलिस ने उन्हें ट्रैक किया और राजस्थान पुलिस से संपर्क कर उनकी मदद ली."
उन्होंने कहा, "राजस्थान पुलिस की मदद से उन्हें कोटा में पकड़ा गया. तीनों हिरासत में हैं. वहां की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें मुंबई लाया जाएगा. मुंबई लाने के बाद मामले की आगे की जांच की जाएगी. पुलिस ने बहुत तेज़ी से कार्रवाई की है. मुंबई पुलिस इस मामले की जड़ तक पहुंचे बिना नहीं रुकेगी."
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की ज़िम्मेदारी बिश्नोई गैंग के लेने की चर्चा हो रही है. इस बारे में पत्रकारों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सवाल किया, जिस पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी.
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "ऐसे किसी भी गैंग से डरने की ज़रूरत नहीं है. यह डरपोक लोगों का काम है. ये ख़ुद कहीं छिपकर बैठते हैं और वहां से धमकियां देते रहते हैं."
उन्होंने कहा, "इसके बावजूद हम हर धमकी को गंभीरता से लेते हैं और उस पर कार्रवाई करते हैं. मुंबई पुलिस ने यह दिखा दिया है कि ऐसे अपराधियों को पकड़ने तक वह रुकती नहीं है."
क्या मुंबई पुलिस लॉरेंस बिश्नोई को हिरासत में लेने की कोशिश करेगी? इस सवाल के जवाब में देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "पुलिस ने उसे हिरासत में लेने की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है. इस पर कार्रवाई चल रही है. इसीलिए मैंने कहा कि इनके आका कहीं भी बैठे हों, हम कार्रवाई करेंगे."
समाप्त
इमेज स्रोत, Shivsena PR
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की. इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हुआ.
बीसीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़, मुंबई के विले पार्ले पश्चिम में जुहू पुलिस थाने की सीमा के भीतर गोलीबारी की घटना की रिपोर्ट है. मुंबई के वेस्ट ज़ोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मोहित गर्ग ने टाइगर श्रॉफ़ से जुड़ी गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है.
मुंबई पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है.
डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक़, "टाइगर श्रॉफ़ सुरक्षित हैं. उन्हें गोली नहीं लगी है और वे घायल नहीं हुए हैं."
डीसीपी गर्ग ने कहा, "यह घटना शाम करीब 7 बजे की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किसी निजी काम से आए थे. काम ख़त्म होने के बाद जब वह जा रहे थे, तभी यह घटना घटी."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.