Shreeom Singh
Date: 20-10-26 12:10
Rajnath Singh SCO: भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा. ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में हुई बैठक के दौरान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार भी मौजूद थे. राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद दुनिया के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक है. इससे न केवल निर्दोष लोगों की जान जाती है, बल्कि निवेश और विकास पर भी बुरा असर पड़ता है.
उन्होंने कहा कि आतंकवाद समाज में कट्टरपंथ को बढ़ावा देता है और लोगों को आगे बढ़ने के अवसरों से दूर करता है. आतंकवाद से निपटने के लिए सभी देशों को मिलकर काम करना होगा.
आतंकवाद पर दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे
राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरा रवैया नहीं अपनाया जा सकता. आतंकवादियों को पैसा देने या उन्हें सुरक्षित ठिकाने मुहैया कराने वालों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आतंकवाद से जुड़े पूरे तंत्र को खत्म करना जरूरी है.
रक्षा मंत्री ने यह बात ऐसे समय कही, जब बैठक में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार भी मौजूद थे. उनके बयान को आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है.
ताजिकिस्तान के प्रधानमंत्री से भी मिले सिंह
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर बताया कि दुशांबे में SCO बैठक की शुरुआत के मौके पर उन्होंने ताजिकिस्तान के प्रधानमंत्री कोहिर रसुलजोदा से मुलाकात की. इस दौरान भारत और ताजिकिस्तान के बीच पुराने सांस्कृतिक संबंधों और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत जुड़ाव पर चर्चा हुई.
ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा पर जताई चिंता
SCO के शासनाध्यक्षों की परिषद की बैठक में राजनाथ सिंह ने दुनिया के मौजूदा आर्थिक हालात पर भी बात की. उन्होंने कहा कि संघर्ष और देशों के बीच बढ़ते तनाव के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हो रही हैं. इससे ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं.
उन्होंने कहा कि नई तकनीक तेजी से अर्थव्यवस्थाओं को बदल रही है, लेकिन इसके कारण नई चुनौतियां और असमानताएं भी पैदा हो रही हैं. ऐसे हालात में SCO की अहमियत इस बात से तय होगी कि सदस्य देश आपसी सहमति कैसे बनाते हैं और मिलकर समस्याओं का समाधान निकालने के लिए क्या कदम उठाते हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें