Feedback
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक प्राइवेट स्कूल में काम करने वाले एक कर्मचारी ने प्रैक्टिकल में नंबर बढ़वाने का झांसा देकर इंटरमीडिएट की एक नाबालिग छात्रा के साथ रेप किया और उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए. आरोपी लगातार इन वीडियो के जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था. तंग आकर छात्रा ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते परिजनों को मामले की भनक लग गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
रक्सा थाना इलाके के एक गांव में रहने वाली लगभग 16 वर्षीय किशोरी कस्बे के ही एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) की छात्रा है. उसी स्कूल में गांव का ही रहने वाला सुवेंद्र पाल नाम का शख्स नौकरी करता था.
आरोप है कि परीक्षा के दौरान प्रैक्टिकल में अच्छे नंबर बढ़वाने का झांसा देकर सुवेंद्र ने छात्रा के साथ संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. इसके बाद आरोपी उन्हीं वीडियो के आधार पर छात्रा को लगातार धमकाने लगा और बार-बार अपने पास मिलने के लिए दबाव बनाने लगा.
आत्महत्या के प्रयास से खुला राज
लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने आत्महत्या करने का प्रयास भी किया था. हालांकि, समय रहते उसकी बहन की नजर पड़ गई और उसने तुरंत पूरे परिवार को इस खौफनाक आपबीती की जानकारी दी.
परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए 22 तारीख को मुकदमा दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी.
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने दी जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी प्रीति सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि रक्सा थाना क्षेत्र के तहत एक प्राइवेट स्कूल की 12वीं की छात्रा ने स्कूल के ही एक कर्मचारी पर प्रैक्टिकल में नंबर बढ़वाने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया था.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत एफआईआर दर्ज की. तफ्तीश और साक्ष्य संकलन के दौरान आरोप सही पाए जाने पर नामजद आरोपी सुवेंद्र पाल को पुलिस ने धर दबोचा और अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू