बेंगलुरु में ऑटो के किराए को लेकर हुए विवाद में एक 43 वर्षीय वकील की मौत हो गई, जिसे पहले …और पढ़ें
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ऑटो के किराए को लेकर हुआ एक मामूली विवाद 43 वर्षीय वकील की मौत की वजह बन गया।
अब इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि शुरुआत में जिसे दिल का दौरा समझकर नजरअंदाज किया जा रहा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वह एक हत्या का मामला बन गया है।
बता दें कि मृतक वकील की पहचान केंगेगुंटे निवाली 43 वर्षीय श्री राम के रूप में हुई है। 9 अक्टूबर की सुबह उन्होंने मगादी रोड के गोलरहट्टी इलाके में एक ऑटो बुक करने के लिए ऑटो चालक पृथ्वीराज अप्पाजीगोवड़ा से बात की थी। लेकिन किराए को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, श्री राम ने ज्यादा किराया देने से इनकार कर दिया और यह कहकर आगे बढ़ गए कि वे दूसरा ऑटो पकड़ लेंगे। इस बात से गुस्साए ऑटो चालक पृथ्वीराज ने उनका पीछा किया और उन पर हमला कर दिया।
सामने आई जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक ने श्री राम को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में अंदरूनी गंभीर चोटें आईं। इस दौरान कुछ अन्य ऑटो चालक भी वहां मौजूद थे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
हमले के बाद श्री राम नागरभावी आउटर रिंग रोड पर अचेत अवस्था में मिले थे। गश्त पर मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसी दिन उनकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि शुरुआत में डॉक्टरों और पुलिस को यही लगा कि श्री राम की मौत हार्ट अटैक से हुई है। लेकिन परिवार वालों ने जब उनके शरीर पर चोट के निशान देखे, तो उन्होंने अन्नपूर्णाश्वरी नगर पुलिस स्टेशन में साजिश की आशंका जताई।
इसके बाद परिवार की मांग पर जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया, तो रिपोर्ट में चौंकाने वाला सच सामने आया। रिपोर्ट से पता चला कि वकील की मौत दिल के दौरे से नहीं, बल्कि सिर में अंदरूनी खून का थक्का जमने के कारण हुई थी।
इतना ही नहीं इस खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक पृथ्वीराज को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या घटना के बाद आरोपी ने श्री राम का मोबाइल फोन और नकदी चुरा ली थी या नहीं। फिलहाल, पुलिस बाकी फरार ऑटो चालकों की तलाश कर रही है और मामले की हर एक कड़ी को तेजी से सुलझाने में जुटी है।