Feedback
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का एक वीडियो इन दिनों खूब चर्चा में है. दोनों ‘जय गोविंदा, जय राधा’ का नाम जपते हुए तालियां बजाते और भक्ति में झूमते नजर आ रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस कार्यक्रम में भक्ति गीत गाने वाले कृष्ण दास कौन हैं? उनकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है.
कृष्ण दास का असली नाम जेफरी कैगल है. कभी वह अमेरिका में रॉक म्यूजिक की दुनिया से जुड़े हुए थे, लेकिन फिर उनकी जिंदगी ने ऐसी करवट ली कि वह भक्ति संगीत की दुनिया का बड़ा नाम बन गए. आखिर ऐसा क्या हुआ कि रॉक म्यूजिक से जुड़े जेफरी, कृष्ण दास बन गए?
अगस्त 1970 में जेफरी कैगल भारत पहुंचे. यहां उनकी मुलाकात आध्यात्मिक दुनिया से हुई और वह नीम करोली बाबा, जिन्हें उनके भक्त महाराज जी कहते हैं, के अनुयायी बन गए. इस आध्यात्मिक जुड़ाव ने उनकी जिंदगी और संगीत को नई दिशा दी. इसके बाद दुनिया उन्हें कृष्ण दास के नाम से जानने लगी.
कृष्ण दास सिर्फ भक्ति गीत गाने वाले सिंगर नहीं हैं. वह दुनियाभर में अपने कीर्तन और मंत्रों के लिए पहचाने जाते हैं. साल 1996 से उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम रिलीज किए हैं. उनकी खासियत है कि उनके संगीत में मंत्रों की गूंज और भक्ति का ऐसा रंग मिलता है, जो सुनने वालों को अलग ही अनुभव देता है.
कृष्ण दास की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके एल्बम ‘लाइव आनंद’ को 2013 के ग्रैमी अवॉर्ड्स में बेस्ट न्यू एज एल्बम कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था. जिस भक्ति संगीत को वह दुनियाभर में पहुंचा रहे हैं, उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान मिली.
नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में कृष्ण दास की आवाज भी सुनाई देती है. फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया के मुताबिक, कृष्ण दास ने फिल्म के लिए ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘सीता राम’ के दो वर्जन दिए. खास बात यह है कि फिल्म के शुरुआती हिस्से में महाराज जी की पहली झलक के दौरान उनका मंत्र सुनाई देता है.
अनुप्रिया ने बताया कि उन्होंने फिल्म का वह सीन पहले मंत्र के बिना देखा और फिर मंत्र के साथ. उनके मुताबिक, दोनों अनुभवों में जमीन-आसमान का फर्क था और मंत्र के साथ सीन देखते हुए उनके रोंगटे खड़े हो गए. उनका मानना है कि महाराज जी अपने भक्तों से किसी न किसी माध्यम से जुड़ते हैं और कृष्ण दास का फिल्म से जुड़ना भी उनके लिए एक खास अनुभव रहा.
अमेरिका के रॉक म्यूजिक से शुरू हुआ जेफरी कैगल का सफर उन्हें भारत की आध्यात्मिक दुनिया और कीर्तन तक ले आया. आज कृष्ण दास के नाम से मशहूर यह सिंगर नीम करोली बाबा की कहानी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भी हिस्सा हैं.
मालूम हो कि हनुमान अंश फिल्म ने रिलीज के 80 दिनों में दुनियाभर में करीब 451.52 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म ब्लॉक बस्टर साबित हुई है. वहीं विराट-अनुष्का के वायरल वीडियो ने एक बार फिर कृष्ण भक्ति और इस अनोखे सफर को चर्चा में ला दिया है.
(Photos: Instagram @KrishnaDas)
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू